छत्तीसगढ़

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत, पहली बार शुरू होगी नारियल पानी की बिक्री

रेलवे स्टेशन पर पहली बार मिलेगा नारियल पानी, न्यू इनोवेटिव आइडिया योजना के तहत टेंडर फाइनल

बिलासपुर। बिलासपुर रेल मंडल ने यात्रियों के सफर को सुगम और सेहतमंद बनाने के लिए एक बेहद अनूठी पहल की है। इसके तहत बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जल्द ही ठंडे और फ्रेश नारियल पानी की सुविधा मिलने वाली है। रेलवे प्रशासन द्वारा प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर कच्चे नारियल की बिक्री शुरू करने की पूरी तैयारी कर ली गई है।

रेलवे की इस अनूठी पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को खासकर गर्मी के मौसम में स्वास्थ्यवर्धक, शुद्ध और प्राकृतिक पेय उपलब्ध कराना है। अब तक स्टेशनों पर केवल पैकेज्ड ड्रिंक्स या लोकल वेंडर्स के जूस ही मिलते थे, लेकिन अब यात्रियों को सफर के दौरान एक बेहतर, पौष्टिक और केमिकल-मुक्त विकल्प मिलेगा। इससे डिहाइड्रेशन की समस्या से जूझ रहे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

यह खास सुविधा रेलवे की ‘न्यू इनोवेटिव आइडिया’ (New Innovative Idea) योजना के तहत शुरू की जा रही है। रेलवे प्रबंधन ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया को भी सफलतापूर्वक फाइनल कर दिया है। टेंडर अलॉट होने के बाद अब जल्द ही स्टॉल लगाने का काम शुरू हो जाएगा, जिसके बाद यात्री किफायती दरों पर सेहतमंद नारियल पानी का आनंद ले सकेंगे।

Related Articles

Back to top button