बस्तर दौरे पर डिप्टी सीएम अरुण साव: कोंडागांव में सड़कों और पुलों का निरीक्षण; बारिश में जनता को न हो कोई परेशानी
104 करोड़ की कोसारटेडा पेयजल योजना का 85% काम पूरा, कोपाबेड़ा तालाब सौंदर्यीकरण और नारायणपुर नेशनल हाईवे की प्रगति जांचने जमीन पर उतरे उपमुख्यमंत्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने चार दिवसीय बस्तर प्रवास के दूसरे दिन कोंडागांव पहुंचकर विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जमीनी हकीकत का जायजा लेते हुए विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को साफ निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। आगामी मानसून को देखते हुए उप मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग के अफसरों को कड़ी हिदायत दी कि निर्माणाधीन सड़कों और पुल-पुलियों की वजह से बरसात के दिनों में स्थानीय जनता को आवाजाही में किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कोंडागांव नगर पालिका क्षेत्र में मिशन अमृत 2.0 के तहत निर्माणाधीन जल प्रदाय योजना का निरीक्षण किया और वहां बन रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत कोंडागांव में घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए 9 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जिसकी कुल लागत लगभग 104 करोड़ रुपये है। इस परियोजना के जरिए कोंडागांव से 25 किलोमीटर दूर स्थित कोसारटेडा बांध से पानी लाया जाएगा और उसे फिल्टर कर नल कनेक्शनों के माध्यम से सप्लाई किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसके तहत दो उच्च स्तरीय ओवरहेड टैंक भी बनाए जा रहे हैं।
अपने निरीक्षण दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कोपाबेड़ा में 3 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से चल रहे तालाब सौंदर्यीकरण कार्यों को देखा और साथ ही कोपाबेड़ा से शिव मंदिर तक बन रही 2.9 किलोमीटर लंबी सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया, जो 4 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही है। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी (कोंडागांव-नारायणपुर) के निर्माण कार्यों तथा चिखलपुट्टी में नवनिर्मित नए बस स्टैंड का अवलोकन कर वहां यात्री सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान मौके पर कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतू उसेंडी सहित लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन और पीएचई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




