महापौर मीनल चौबे और आयुक्त संबित मिश्रा के नेतृत्व में चला सफाई महाअभियान, दर्जनों गाड़ी जलकुंभी बाहर निकाली
600 सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदियों और सामाजिक संगठनों ने महादेवघाट पर किया महाश्रमदान; लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर होगी कड़ी कार्रवाई

रायपुर। राजधानी रायपुर की जीवनदायिनी खारून नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर पालिक निगम द्वारा एक ऐतिहासिक पहल की गई है। महादेवघाट पर ‘मोर खारून मोर सम्मान’ सफाई महाअभियान का आयोजन किया गया। महापौर मीनल चौबे की विशेष अपील पर आयोजित इस महाअभियान में नगर निगम के तमाम जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद और आयुक्त संबित मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान लगभग 600 सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदियों, सामाजिक संगठनों, पर्यावरण प्रेमियों और निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों ने मिलकर नदी में पसरी जलकुंभी को हटाने के लिए महाश्रमदान किया। देखते ही देखते दर्जनों टाटा एस (छोटा हाथी) वाहनों में जलकुंभी भरकर नदी से बाहर निकाली गई और खारून मईया को जलकुंभी से मुक्त कराया गया।
महाअभियान का नेतृत्व कर रहीं महापौर मीनल चौबे ने उपस्थित जनसमुदाय को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश देते हुए कहा कि खारून नदी को स्वच्छ रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से भावुक अपील की कि वे नदी के भीतर गंदगी, कचरा, पॉलिथिन और पूजन सामग्री न डालें। महापौर ने दोटूक शब्दों में अधिकारियों को चेतावनी भी दी कि यदि खारून नदी की सफाई और इसकी गरिमा बनाए रखने के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिली, तो कड़ी जवाबदेही तय कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा ने कहा कि यह पहली बार है जब खारून नदी की सफाई के लिए इतने बड़े पैमाने पर व्यापक महाअभियान चलाया जा रहा है।
इस महाश्रमदान अभियान में नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, एमआईसी सदस्य सरिता आकाश दुबे, सुमन अशोक पाण्डेय, महेंन्द्र खोडियार, मनोज वर्मा, अमर गिदवानी, भोलाराम साहू, नन्दकिशोर साहू, खेम कुमार सेन शामिल हुए। इसके साथ ही जोन 1 अध्यक्ष गज्जू साहू, जोन 3 अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ प्रमोद साहू, जोन 4 अध्यक्ष मुरली साहू, जोन 5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, जोन 7 अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, जोन 8 अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, जोन 9 अध्यक्ष गोपेश साहू सहित बड़ी संख्या में वार्ड पार्षद और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। नगर निगम प्रशासन, महापौर और आयुक्त ने समस्त रायपुर वासियों से राजधानी को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और हरित शहर बनाने में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराने की विनम्र अपील की है।




