Feature

परसकोल में हाई स्कूल भवन का भूमिपूजन: 75.23 लाख की लागत से संवरेगा शिक्षा का स्तर

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने रखी विकास की आधारशिला; बोले— तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास से आत्मनिर्भर बनेंगे युवा, ग्रामीण बच्चों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

आरंग। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ बनाने और छात्र-छात्राओं को आधुनिक व गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में आरंग विधानसभा क्षेत्र को एक बड़ी सौगात मिली है। विकासखंड आरंग के अंतर्गत आने वाले ग्राम परसकोल में शासकीय हाई स्कूल के नवीन भवन निर्माण हेतु 75.23 लाख रुपये की स्वीकृत लागत राशि का विधि-विधान से भूमिपूजन संपन्न हुआ। शुक्रवार, 5 जून को आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित थे। वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत आरंग की अध्यक्ष टाकेश्वरी मुरली साहू ने की।

भूमिपूजन के पश्चात विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि शिक्षा किसी भी उन्नत समाज के विकास की पहली सीढ़ी होती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी वैसी ही बेहतरीन अधोसंरचना मिले, जैसी शहरों में उपलब्ध होती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि परसकोल में बनने वाला यह हाई स्कूल भवन सिर्फ ईंट और पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों के सुनहरे भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा। आज के आधुनिक युग में केवल डिग्री को नाकाफी बताते हुए मंत्री ने कहा कि हमारे युवाओं को हुनरमंद होना पड़ेगा, जिसके लिए तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

समारोह में क्षेत्र के जनपद सदस्य (क्षेत्र क्रमांक 8) प्रीतम साहू ने अपने उद्बोधन में क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि हाई स्कूल के नए भवन की मांग इस क्षेत्र के युवाओं और पालकों की एक बहुप्रतीक्षित मांग थी, जो आज पूरी हो रही है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का आभार जताते हुए कहा कि आरंग के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं। वहीं, जनपद अध्यक्ष टाकेश्वरी मुरली साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस सर्वसुविधायुक्त स्कूल भवन के निर्मित होने से परसकोल सहित आसपास के गांवों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें बड़ी सहूलियत होगी।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत परसकोल की सरपंच लक्ष्मी सोहन साहू, भाजपा मंडल आरंग के अध्यक्ष देवनाथ साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण कुमार भारद्वाज, भाजपा मंडल आरंग के मंत्री दौलत राम साहू तथा शाला विकास एवं प्रबंधन समिति परसकोल की अध्यक्ष भोजमति साहू मंचासीन थीं। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के समस्त पंचगण, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। कार्यक्रम के समापन पर शासकीय हाई स्कूल परसकोल के प्राचार्य चंद्रहास सेन ने मुख्य अतिथि सहित तमाम अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति आभार जताया।

Related Articles

Back to top button