छत्तीसगढ़

टाइगर रिजर्व में सड़क निर्माण के दौरान जंगली हाथी का तांडव: अचानक हुए हमले में दो मजदूरों की दर्दनाक मौत, वन विभाग अलर्ट

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र की घटना; देर रात श्रमिक गौरव और अमर सिंह को कुचला

कोरिया– छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में दो निर्माण श्रमिकों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात टाइगर रिजर्व के घने जंगलों के बीच सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था, जहां कई मजदूर अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान जंगल की गहराई से निकलकर एक विशालकाय जंगली हाथी अचानक वहां धमक पड़ा, जिससे निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

जंगली हाथी को अचानक सामने देख वहां काम कर रहे श्रमिकों में भगदड़ मच गई। सब अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन हाथी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए दो मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हमले में उत्तर प्रदेश के रहने वाले श्रमिक गौरव और अमर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और हाथी के कुचलने के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अन्य साथी मजदूरों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और तुरंत इस घटना की सूचना वन विभाग और स्थानीय पुलिस को दी।

इस दुखद घटना के बाद से गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की उच्च स्तरीय टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वन विभाग ने घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। हाथियों के दल की लगातार निगरानी (ट्रैकिंग) की जा रही है और ग्रामीणों को रात के समय जंगलों की तरफ न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।

Related Articles

Back to top button