छत्तीसगढ़

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जंगल में चल रहे हाईप्रोफाइल जुआ फड़ पर छापा, राजनांदगांव और बालोद के 07 जुआड़ी गिरफ्तार

सायबर सेल और संजारी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई— ग्राम दुर्गीटोला के जंगल में चल रहा था दांव, ₹56,000 नगद और ताश पत्ती जब्त

Bol Bharat 24 News बालोद। छत्तीसगढ़ में जुआ और सट्टा माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बालोद जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस चौकी संजारी और जिला सायबर सेल की संयुक्त टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्राम दुर्गीटोला के घने जंगल में चल रहे एक हाईप्रोफाइल जुआ फड़ पर दबिश दी। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दांव लगा रहे 07 रसूखदार जुआड़ियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस हाईप्रोफाइल फड़ पर लाखों के दांव लगाए जा रहे थे। छापे के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹56,000 नगद, ताश की पत्तियां और अन्य सामग्रियां जब्त की हैं। पकड़े गए जुआड़ियों की जब शिनाख्त की गई, तो पता चला कि इनमें से अधिकांश आरोपी पड़ोसी राजनांदगांव जिले के रहने वाले हैं, जो पुलिस की नजरों से बचने के लिए बालोद के सुनसान और जंगली इलाके को अपना सुरक्षित ठिकाना बनाकर जुआ खेल रहे थे।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी 7 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बालोद पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार, जुआ और सट्टा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी संदिग्ध ठिकानों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सायबर सेल की मदद से इसी तरह का कड़ा और सघन जांच अभियान जारी रहेगा।

/* Outer Box */ /* Header Label */ /* Slider */

Related Articles

Back to top button