AI and Digital Transformation: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अपनाने वाले ही करेंगे भविष्य का नेतृत्व, तकनीक से डरें नहीं; वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी
रायपुर के मैक (MAIC) कॉलेज के राष्ट्रीय सम्मेलन में पहुंचे वित्त मंत्री, युवाओं से तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करने का किया आह्वान

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज (एमएआईसी) द्वारा “Artificial Intelligence & Digital Transformation: Opportunities, Challenges and Future Impact” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और बदलती तकनीकों से भयभीत होने के बजाय इन्हें अपने भविष्य के निर्माण का सबसे बड़ा अवसर मानें।
अपने संबोधन में वित्त मंत्री ने एलन मस्क, एनवीडिया और एप्पल जैसी वैश्विक कंपनियों का उदाहरण देते हुए कहा कि आज दुनिया तेजी से ज्ञान, तकनीक और नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो व्यक्ति या राष्ट्र समय रहते एआई जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाएगा, वही भविष्य में दुनिया का नेतृत्व करेगा। उन्होंने युवाओं को नौकरी तलाशने तक सीमित न रहकर नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने तथा विश्वस्तरीय स्टार्टअप स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
वित्त मंत्री ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के विजन की तर्ज पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार “छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047” पर तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में नवा रायपुर को एक बड़े तकनीकी और नवाचार केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां सेमीकंडक्टर यूनिट, एआई डाटा सेंटर और ट्रिपल आईटी (IIIT) में अत्याधुनिक अनुसंधान सुविधाओं जैसी परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है।



