छत्तीसगढ़

CG Cooperation Week 2026: ‘सहकार से समृद्धि’ को जन-आंदोलन बनाएगी साय सरकार, रायपुर में सीएम विष्णुदेव साय की मौजूदगी में जुटेगा सहकार मेला

सहकारिता मंत्रालय के 5 साल पूरे होने पर 29 जून से 6 जुलाई तक प्रदेशभर में विविध आयोजन; मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर में दी विस्तृत जानकारी

जगदलपुर/रायपुर: भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के गौरवशाली 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक पूरे देश सहित छत्तीसगढ़ में “सहकारिता सप्ताह-2026” का भव्य आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार इस आयोजन को महज एक रस्म अदायगी न रखकर इसे एक जनभागीदारी आधारित ‘जन-आंदोलन’ का रूप देने जा रही है। इसकी विस्तृत रूपरेखा और कार्ययोजना की जानकारी सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर सर्किट हाउस में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में मीडिया प्रतिनिधियों को दी।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि “सहकार से समृद्धि” केवल एक नारा नहीं, बल्कि साय सरकार की कार्यसंस्कृति का मुख्य आधार है। इस विशेष सप्ताह के दौरान प्रदेश की सभी 2573 प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) सहित दुग्ध, मत्स्य, बुनकर एवं अन्य सहकारी समितियों में सहकारी ध्वजारोहण, नया सदस्यता अभियान, माइक्रो एटीएम व किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों को जोड़ने के लिए सहकार दौड़, वृक्षारोपण और कृषक संगोष्ठियों जैसे कई जमीनी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रायपुर में सजेगा राज्य स्तरीय ‘सहकार मेला’ और चिंतन शिविर

/* Outer Box */ /* Header Label */ /* Slider */

इस अभियान के तहत आगामी 3 और 4 जुलाई को राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित ‘कृषि मंडपम’ ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर, सहकार मेला और अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस बड़े समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे, जबकि अध्यक्षता सहकारिता मंत्री केदार कश्यप करेंगे। इस मेले में नाबार्ड, एनसीडीसी, इफको, कृभको और नैफेड जैसी राष्ट्रीय स्तर की संस्थाएं भी शिरकत करेंगी। मेले में डिजिटल सेवाएं, आधुनिक तकनीक, नवाचार और सफल किसानों की ‘सफलता की कहानियां’ प्रदर्शित की जाएंगी।

केंद्रीय सहकारिता मंत्री करेंगे अन्न भंडारण गोदामों का भूमिपूजन

मंत्री कश्यप ने एक और बड़ी जानकारी देते हुए बताया कि सहकारिता सप्ताह के समापन के अवसर पर 6 जुलाई को देश के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री द्वारा ‘विश्व की सबसे बड़ी विकेंद्रीकृत अन्न भंडारण योजना’ के तहत छत्तीसगढ़ की 9 पैक्स समितियों में आधुनिक गोदाम निर्माण कार्य का वर्चुअली भूमिपूजन किया जाएगा। इससे राज्य की ग्रामीण भंडारण व्यवस्था बेहद मजबूत होगी। पत्रकार वार्ता के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जगदलपुर अपैक्स बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप और उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा सहित विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button