छत्तीसगढ़

‘मन की बात’ विकसित भारत के संकल्प को देती है नई ऊर्जा; मुख्यमंत्री निवास में सीएम साय ने सुनी 135वीं कड़ी

पीएम मोदी ने गणेशोत्सव में मिट्टी की मूर्ति स्थापना और जल संचय का दिया संदेश; मुख्यमंत्री बोले— 'मन की बात' सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ समाजसेवियों और आम नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के बेहद लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी सुनी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने ‘मन की बात’ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कार्यक्रम आज देश की जनता और शीर्ष नेतृत्व के बीच संवाद का सबसे सशक्त माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री के विचार न केवल देशवासियों को प्रेरित करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ विकसित भारत के संकल्प को एक नई ऊर्जा प्रदान करती है। प्रधानमंत्री हर महीने देश के कोने-कोने से अनूठे नवाचारों, जनभागीदारी और प्रेरणादायी प्रयासों को समाज के सामने लाते हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाते हुए कहा कि इस कार्यक्रम की अनेक कड़ियों में छत्तीसगढ़ के स्थानीय नवाचारों और उपलब्धियों का उल्लेख होना पूरे प्रदेश के लिए बेहद सम्मान की बात है।

मिट्टी के गणेश और जल संचय को जनआंदोलन बनाने की अपील

/* Outer Box */ /* Header Label */ /* Slider */

इस बार की कड़ी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आगामी गणेशोत्सव के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का बड़ा संदेश दिया है। पीएम ने देशवासियों से मिट्टी से निर्मित भगवान गणेश की प्रतिमा (Eco-friendly Ganesha) स्थापित करने का आह्वान किया है। इसके साथ ही, उन्होंने वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को सहेजने के लिए जल संचय को एक जनआंदोलन बनाने और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा व जीवन ज्योति बीमा योजना के जरिए सामाजिक सुरक्षा चक्र को मजबूत करने पर बल दिया है।

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में मेघालय के जीवित रूट ब्रिज (Living Root Bridge), असम की महिलाओं द्वारा दुर्लभ ‘हरगिला’ पक्षी के संरक्षण के लिए चलाई जा रही ‘हरगिला आर्मी’, और नागालैंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा दे रही ‘बेबी लीग’ जैसी जमीनी पहलों की सराहना की। इसके अलावा, मध्यप्रदेश के राजगढ़ (ब्यावरा) की महिलाओं द्वारा प्लास्टिक कचरे से सार्वजनिक स्थलों को सुंदर बनाने के नवाचार और विदेशों में ‘ब्रह्मकमल डोमिनिकाना’ के सदस्यों द्वारा वैदिक साहित्य के अध्ययन की भी चर्चा की गई।

गरिमामयी उपस्थिति

मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ प्रचारक श्री इंद्रेश कुमार, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक श्रीमती गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह सहित कई निगम-मंडलों के अध्यक्ष, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button