छत्तीसगढ़

मेडिकल कॉलेज को 103 करोड़ की सौगात: सीएम विष्णुदेव साय ने किया कैंसर भवन विस्तार और 200 सीटर हॉस्टल का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री बोले— "स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही करेगा विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण"; डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों से की बस्तर-सरगुजा में सेवाएं देने की अपील

रायपुर, 6 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को एक नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को रायपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह (चिकित्सा महाविद्यालय) में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में 103 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करेगा। उन्होंने कहा कि पिछली बार जब वे मेडिकल कॉलेज आए थे, तब छात्रों ने हॉस्टल की मांग रखी थी, जिसे सरकार ने गंभीरता से लेते हुए आज ‘मोदी की गारंटी’ के तहत धरातल पर उतार दिया है।

इन 3 बड़ी परियोजनाओं की रखी गई आधारशिला

/* Outer Box */ /* Header Label */ /* Slider */

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 103 करोड़ रुपये के इस बजट से तीन मुख्य प्रोजेक्ट्स का निर्माण किया जाएगा:

1. 200 सीटर आधुनिक हॉस्टल व आवासीय परिसर: मेडिकल छात्र-छात्राओं के लिए विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस 200 सीटों का नया छात्रावास बनेगा। साथ ही डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए आवासीय ब्लॉक तैयार किए जाएंगे।

2. कैंसर भवन का बहुमंजिला विस्तार: कैंसर संस्थान का दूसरे तल से लेकर छठवें तल तक विस्तार किया जाएगा। लगभग 11 हजार वर्गमीटर में बनने वाले इस विंग में आधुनिक लैब, 64-64 बिस्तरों के वार्ड, सिंगल रूम, सर्वसुविधायुक्त आईसीयू (ICU) और अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर बनाए जाएंगे।

3. गर्ल्स हॉस्टल का अपग्रेडेशन: छात्राओं के पुराने हॉस्टल का विस्तार कर उसमें अतिरिक्त कमरे, डॉरमेट्री, बड़ी लाइब्रेरी और रिक्रिएशन हॉल विकसित किया जाएगा।

डॉक्टर केवल शहरों तक सीमित न रहें”

मुख्यमंत्री का बड़ा आह्वान: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में मौजूद मेडिकल छात्र-छात्राओं और जूनियर डॉक्टरों से भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर तेजी से विकास की मुख्यधारा में लौट रहा है। ऐसे में भावी डॉक्टरों को अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद केवल शहरों तक सीमित रहने की मानसिकता छोड़नी होगी। वे सरगुजा से लेकर बस्तर के दूरस्थ अंचलों में जाकर आदिवासियों और गरीबों की सेवा करने का संकल्प लें।

बिलासपुर का सिम्स अपग्रेड होगा, जगदलपुर में खुलेगा दूसरा बड़ा हार्ट सेंटर

समारोह में उपस्थित उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और निर्माण एजेंसियों को कड़े निर्देश दिए कि सभी प्रोजेक्ट्स का काम तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राज्य में स्वास्थ्य क्रांति का खाका खींचते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में 5 नए मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति मिल चुकी है। बिलासपुर के सिम्स (CIMS) का व्यापक उन्नयन किया जा रहा है। इसके अलावा, रायपुर में 10 एकड़ क्षेत्र में 100 बिस्तरों वाले योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल और रिसर्च सेंटर का काम प्रगति पर है और जल्द ही जगदलपुर में प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा हार्ट सेंटर स्थापित किया जाएगा।

इस अवसर पर रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा, सीजीएमएससी के चेयरमैन दीपक म्हस्के, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त रितेश अग्रवाल, मेडिकल कॉलेज के डीन विवेक चौधरी और अधीक्षक संतोष सोनकर सहित भारी संख्या में सीनियर डॉक्टर्स और मेडिकल स्टूडेंट्स उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button