छत्तीसगढ़

Arang Development Projects: सुशासन, विकास और जनकल्याण ही हमारी सरकार की पहचान, आरंग को मिली 128 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

समोदा में लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम विष्णुदेव साय, ग्राम रीवा में 4 करोड़ के स्टॉप डैम की घोषणा

रायपुर। “सुशासन, विकास और जनकल्याण ही हमारी सरकार की पहचान है। हमारी सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा कर जनविश्वास को मजबूत किया है।” यह बातें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान कहीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए 128 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

आरंग विधानसभा को सौगातें देते हुए सीएम साय ने ग्राम पंचायत रीवा में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा के पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण तथा ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नयन करने की महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं। इसके साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 28 किश्तों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों की सुविधा के लिए बड़ा एलान करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन माह के लिए बढ़ा दी गई है। अब पात्र उपभोक्ता ‘मोर बिजली’ मोबाइल एप अथवा वेबसाइट के माध्यम से आगामी सितंबर तक पंजीयन कराकर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आरंग विधानसभा क्षेत्र को अब तक कुल 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत आंवला का पौधा रोपा, सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल बांटी और ‘मिशन उत्कर्ष’ के तहत मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला और रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button