छत्तीसगढ़

Road Accident: वन विभाग की बोलेरो और ट्रक में भीषण टक्कर, फॉरेस्ट रेंजर की मौत, आठ लोगों की हालत गंभीर

गरियाबंद के ध्रुवागुड़ी और बुढघेलटप्पा के बीच हुआ दर्दनाक हादसा; देवभोग के वन परिक्षेत्र अधिकारी अश्वनी दास मुरचुलिया ने तोड़ा दम।

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में बुधवार की शाम एक अत्यंत दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वन विभाग देवभोग की शासकीय बोलेरो और एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) अश्वनी दास मुरचुलिया की असमय मौत हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में वाहन चालक सहित 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह पूरा हादसा ध्रुवागुड़ी और बुढघेलटप्पा के बीच घटित हुआ, जिसके बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो वाहन में रेंजर सहित कुल 9 लोग सवार थे। टक्कर इतनी ज़बरदस्त और भीषण थी कि वन विभाग की बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान वाहन में सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए थे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण, प्रशासनिक अमला और सुरक्षा बल के जवान तुरंत मौके पर पहुँचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

रेस्क्यू टीम द्वारा सभी घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद रेंजर अश्वनी दास मुरचुलिया को मृत घोषित कर दिया। अन्य 8 घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाकारित ट्रक को कब्जे में ले लिया है।

Related Articles

Back to top button