Feature

गौ सम्मान आह्वान अभियान का द्वितीय चरण संपन्न, मुंगेली में 5.78 लाख लोगों ने किया हस्ताक्षर

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; मांगें पूरी न होने पर राजधानी रायपुर और दिल्ली में आंदोलन की चेतावनी

मुंगेली। ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ का द्वितीय चरण मुंगेली जिले में सफलता पूर्वक संपन्न हो गया है। अभियान के तहत गौ वंश के लिए न्याय और उनके संरक्षण की मांग को लेकर जिला कलेक्टर के माध्यम से देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार की ओर से गौ वंश के संरक्षण के लिए समय रहते ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए जाते हैं, तो आगामी सितंबर माह में राजधानी रायपुर में अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत की जाएगी।

व्यापक जनसमर्थन और हस्ताक्षर अभियान की जानकारी देते हुए प्रतिनिधियों ने बताया कि यह अभियान पूरे भारत में संचालित किया जा रहा है, जिसमें मुंगेली जिले ने भी अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज कराई है। अभियान के दूसरे चरण में मुंगेली जिले के विभिन्न तहसीलों से कुल 5 लाख 78 हजार लोगों ने हस्ताक्षर कर गौ सेवा और न्याय की इस मुहिम का समर्थन किया। आज सभी तहसील प्रपत्रों को जिला प्रभारी को सौंपा गया, जहाँ बड़ी संख्या में समर्थकों ने उपस्थित होकर अपनी सहभागिता निभाई।

उग्र आंदोलन की चेतावनी देते हुए अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि जनता का यह अभूतपूर्व समर्थन रंग लाएगा। उन्होंने कहा कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा इस दिशा में उचित नीतियाँ और कड़े कानून लागू नहीं किए गए, तो रायपुर में तीसरे चरण के प्रदर्शन के बाद देशभर के गौ सेवक राजधानी दिल्ली में आमरण अनशन करने के लिए बाध्य होंगे।

Related Articles

Back to top button