नई दिल्ली में जल जीवन मिशन 2.0 पर छत्तीसगढ़ के सांसदों के साथ मंथन
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित, हर घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने की रणनीति पर हुई विस्तृत चर्चा

रायपुर। नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में सोमवार शाम ‘जल जीवन मिशन (जे.जे.एम.) 2.0’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव सहित राज्य के लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सांसदों के क्षेत्रों में जल जीवन मिशन की वर्तमान प्रगति, पेयजल परियोजनाओं की स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन किया गया।
हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य पर जोर देते हुए बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद चिंतामणि महाराज, राधेश्याम राठिया, कमलेश जांगड़े, ज्योत्सना महंत, संतोष पांडेय, विजय बघेल, बृजमोहन अग्रवाल, रूपकुमारी चौधरी, महेश कश्यप, भोजराज नाग, राजा देवेंद्र प्रताप सिंह, लक्ष्मी वर्मा और फूलो देवी नेताम ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और सुझाव साझा किए। बैठक में परियोजनाओं की गति बढ़ाने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और केंद्र व राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया।
सांसदों की सक्रिय भूमिका पर चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से जिला स्तरीय बैठकों में नियमित भागीदारी निभाने और ‘जल अर्पण’ कार्यक्रमों के माध्यम से पूर्ण हो चुकी योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने में सहयोग देने का आह्वान किया। बैठक में योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए राज्य व जिला प्रशासन के साथ मिलकर काम करने की रणनीति बनाई गई। इस समीक्षा बैठक में केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय के उच्च अधिकारियों के साथ छत्तीसगढ़ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक़ भी उपस्थित रहे।



