Bastar Rail Projects Expansion: सीएम विष्णु देव साय के प्रयासों और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग से बस्तर की रेल परियोजनाओं को मिलेगी नई गति: केदार कश्यप
Rowghat Kondagaon Jagdalpur Rail Line: वन मंत्री केदार कश्यप ने जताया आभार; बोले- बस्तरवासियों के वर्षों पुराने सपने को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम

रायपुर न्यूज़: छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेश की महत्वाकांक्षी रेल परियोजनाओं, विशेषकर रावघाट-कोंडागांव-जगदलपुर रेल लाइन को नई गति मिलने पर बेहद प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इसे बस्तर की जनता के वर्षों पुराने सपने को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक और मील का पत्थर करार दिया है।
मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ की लंबित रेल परियोजनाओं को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री की इस पहल और केंद्रीय रेल मंत्री के सकारात्मक रुख से बस्तर सहित पूरे प्रदेश के रेल नेटवर्क विस्तार को अभूतपूर्व गति मिलेगी।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि रेल संपर्क मजबूत होने से बस्तर अंचल में उद्योग, व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि रेल लाइनों का यह विस्तार ‘विकसित बस्तर’ और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प की मजबूत आधारशिला साबित होगा।
बस्तर की जनता की ओर से मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निरंतर प्रयासों और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के संवेदनशील सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से बस्तर विकास और समृद्धि के नए शिखर को छुएगा।



