छत्तीसगढ़

Employees News : बिजली कंपनी के 10 हजार कर्मचारियों का मामला, सीएम विष्णु देव साय से मिले, पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की

पुरानी पेंशन अधिकार मंच के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात; ओपीएस बहाली और बिजलीकर्मियों के हित में सकारात्मक चर्चा

रायपुर, 9 अगस्त। छत्तीसगढ़ राज्य बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों और पुरानी पेंशन अधिकार मंच से जुड़े 12 प्रमुख संगठनों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान बिजली कंपनी के लगभग 10 हजार कर्मचारियों और अधिकारियों की लंबित मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने बिजली कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ दिए जाने तथा सेवा शर्तों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि बिजली कंपनी के हजारों अधिकारी-कर्मचारी दिन-रात विपरीत परिस्थितियों में भी राज्य की ऊर्जा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में योगदान देते हैं। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद उनके और उनके परिवारों के सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली अत्यंत आवश्यक है। प्रतिनिधियों ने बताया कि अन्य शासकीय विभागों की तर्ज पर बिजली कंपनी के संविलियन और पेंशन प्रावधानों में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर कर न्यायसंगत निर्णय लिया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और कर्मचारियों के कल्याण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने आश्वस्त किया कि बिजली कंपनी के कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा और शासन स्तर पर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर पुरानी पेंशन व्यवस्था के तकनीकी व वित्तीय पहलुओं पर सकारात्मक विचार-विमर्श किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन पर बिजली कंपनी के कर्मचारी संगठनों ने आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Back to top button