Development News : नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर, ‘युवा मंच’ कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
आईटीवी नेटवर्क और इंडिया न्यूज के कार्यक्रम में पहुंचे सीएम; पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और नई औद्योगिक नीति पर रखी अपनी बात, उत्कृष्ट हस्तियों को किया सम्मानित

रायपुर, 9 अगस्त। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के महोबा बाजार स्थित एक निजी होटल में आयोजित आईटीवी नेटवर्क और इंडिया न्यूज के ‘युवा मंच’ कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद छत्तीसगढ़ अब समन्वित और समग्र विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से छत्तीसगढ़ आज नक्सलमुक्त होने की दिशा में निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री साय ने राज्य में पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे ऐतिहासिक बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नई औद्योगिक नीति में पर्यटन को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है, जिससे धुड़मारास जैसे गांवों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल रही है। शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर प्रकाश डालते हुए सीएम ने कहा कि बस्तर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शुरू हो चुका है, जहां अब गंभीर बीमारियों का इलाज हो रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में 5 नए मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति से 250 सीटें बढ़ी हैं। बस्तर में एजुकेशन सिटी और ट्राइबल यूनिवर्सिटी की स्थापना की दिशा में भी सरकार तेजी से काम कर रही है।
प्रदेश में युवाओं के भविष्य, रोजगार और पारदर्शी व्यवस्था पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएससी परीक्षा में भ्रष्टाचार करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई है और अब सभी भर्ती परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की जा रही हैं। नई औद्योगिक नीति के तहत ₹8 लाख करोड़ से अधिक के एमओयू साइन किए गए हैं, जिनसे सेमीकंडक्टर प्लांट, एआई डाटा सेंटर और टेक्सटाइल सेक्टर में बड़े पैमाने पर युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके अतिरिक्त, राज्य में धर्मांतरण को रोकने के लिए सबसे सख्त ‘धर्म स्वातंत्र्य बिल’ लाने की बात भी उन्होंने कही। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा और आईटीवी नेटवर्क के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।



