रायपुर के आर के सारडा विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर लगीं नियमित कक्षाएं, पालकों ने जताया विरोध
मुजगहन स्थित निजी स्कूल के फैसले पर उठे सवाल; 15 अगस्त के राष्ट्रीय पर्व पर पढ़ाई कराने के निर्णय को अभिभावकों ने बताया असहज

रायपुर, 15 अगस्त 2026 : जहां एक ओर पूरा देश 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहा था और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीय पर्व पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे, वहीं रायपुर के मुजगहन स्थित निजी संस्थान आर के सारडा विद्या मंदिर का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। स्कूल प्रबंधन द्वारा स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भी रोजाना की तरह छोटे बच्चों की नियमित कक्षाएं लगाई गईं और उन्हें पढ़ाई के लिए बैठाए रखा गया।
राष्ट्रीय पर्व के दिन स्कूल में पढ़ाई कराए जाने के इस निर्णय पर अनेक अभिभावकों ने कड़ी आपत्ति और आश्चर्य जताया है। पालकों का कहना है कि शैक्षणिक कैलेंडर और देश की शिक्षा नीति में राष्ट्रीय पर्वों को देशभक्ति, सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्रीय चेतना के विकास के लिए आरक्षित रखा गया है। ऐसे में 15 अगस्त जैसे ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व के दिन सामान्य कक्षाओं का संचालन समझ से परे है। पालकों ने इसे एक अजीब और अनावश्यक प्रयोग करार दिया।
इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या निजी स्कूल ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के किसी निर्देश पर ऐसा किया है या फिर यह प्रबंधन का अपना मनमाना रवैया है। छत्तीसगढ़ में जहां एक ओर सरकार शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण पर जोर दे रही है, वहीं निजी स्कूलों द्वारा राष्ट्रीय दिवसों पर इस तरह के फैसले लेने से आम जनता और अभिभावकों में असंतोष की स्थिति निर्मित हो रही है।



