Balrampur News: पति को डूबता देख तालाब में कूदी पत्नी, दोनों की डूबने से मौत
कुसमी थाना क्षेत्र के अमरपुर की घटना, बचाने उतरी रिश्तेदार को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला

बलरामपुर, 17 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। कुसमी थाना क्षेत्र के अमरपुर के बड़का जोभी में तालाब में डूबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वन विभाग के तालाब में अचानक मुनेश्वर नाग गिर गए और पानी में डूबने लगे। पति को डूबता देखकर उनकी पत्नी घुघरी नाग ने उन्हें बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी।
मुनेश्वर को बचाने के प्रयास में घुघरी भी गहरे पानी में चली गईं। दोनों ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके और पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान रिश्तेदार जसमती भी दोनों को बचाने के लिए तालाब में उतर गईं, लेकिन ग्रामीणों ने समय रहते उन्हें पानी से बाहर निकाल लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। हादसे में पति-पत्नी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान मुनेश्वर नाग और उनकी पत्नी घुघरी नाग के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।



