छत्तीसगढ़

CG CM Celebrates Nag Panchami: सावन सोमवार और नागपंचमी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फलेश्वरनाथ महादेव की पूजा-अर्चना की

प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति के लिए की मंगलकामना

जशपुर, 17 अगस्त 2026। सावन मास और नागपंचमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी पत्नी कौशल्या साय और परिवार के सदस्यों के साथ गृहग्राम बगिया स्थित फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव का अभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के साथ छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की मंगलकामना की। मैनी नदी के सुरम्य तट पर स्थित मंदिर में 17 से 19 अगस्त तक एक लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग के निर्माण एवं पूजन का तीन दिवसीय विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कौशल्या साय ने श्रद्धालुओं के साथ अपने हाथों से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया और विधि-विधान से पूजन एवं अभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नागपंचमी और सावन मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर है। उन्होंने कामना की कि महादेव की कृपा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे, किसानों के खेत-खलिहान समृद्ध हों और प्रदेश में सुख, शांति एवं खुशहाली निरंतर बढ़ती रहे।

आस्था और भक्ति का केंद्र बना फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर

तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान को लेकर बगिया और आसपास के क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भगवान भोलेनाथ की आराधना कर रहे हैं। आयोजन के दौरान पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन, अभिषेक, आरती, पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे। 17 अगस्त को पहले दिन पूजन-अभिषेक, आरती और प्रसाद वितरण किया गया, जबकि 18 अगस्त को भी पूजन एवं अभिषेक के बाद आरती और प्रसाद वितरण होगा। तीन दिवसीय अनुष्ठान का समापन 19 अगस्त को विशेष पूर्णाहुति के साथ होगा। सामूहिक शिव आराधना के माध्यम से प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं लोककल्याण की कामना की जा रही है।

Related Articles

Back to top button