Nava Raipur Investment Boom: राजधानी से रोजगारधानी की ओर बढ़ रहा नवा रायपुर, टेक्सटाइल से फार्मा और इलेक्ट्रॉनिक्स तक हजारों रोजगार के अवसर
औद्योगिक निवेश से मजबूत हो रही नवा रायपुर की नई पहचान, टेक्सटाइल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में बढ़ रहे अवसर

Nava Raipur Investment Boom: रायपुर, 17 अगस्त 2026। नवा रायपुर अटल नगर अब केवल आधुनिक प्रशासनिक राजधानी के रूप में नहीं, बल्कि निवेश, उद्योग और रोजगार के नए केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। सुनियोजित शहरी विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक अधोसंरचना के साथ यहां भविष्य के उद्योगों को आकर्षित किया जा रहा है। टेक्सटाइल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और आईटी जैसे क्षेत्रों में हो रहे निवेश से आने वाले वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होने की संभावना है।
Textile Park: हजारों युवाओं के लिए रोजगार का नया केंद्र
नवा रायपुर के लेयर-2 स्थित ग्राम कुर्रू में टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है। इसके लिए CSIDC को 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। स्विफ्ट टेक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड ने जून 2026 में 235 करोड़ रुपये के निवेश से गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमिपूजन किया है, जिससे करीब 4,650 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। वहीं पुनीत क्रिएशन के साथ 175 करोड़ रुपये के निवेश का समझौता किया गया है। इन परियोजनाओं को मिलाकर टेक्सटाइल पार्क में लगभग 10,000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
Pharma Park: 2,000 करोड़ के निवेश की तैयारी
नवा रायपुर के सेक्टर-22 में 132 एकड़ भूमि पर फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना में करीब 2,000 करोड़ रुपये के निवेश और लगभग 1,400 रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है। टोरेंट फार्मा, एविला फार्मास्युटिकल्स और विटालिस हेल्थ के साथ कुल 735 करोड़ रुपये के एमओयू किए जा चुके हैं। फार्मा पार्क के विकसित होने से दवा निर्माण के साथ इससे जुड़ी सहायक औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
Electronics & MSME: औद्योगिक विकास को मिल रही नई गति
इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में भी नवा रायपुर आगे बढ़ रहा है। यश फैंस ने 110 करोड़ रुपये के निवेश से होम अप्लायंसेज निर्माण इकाई शुरू की है। इसके साथ इलेक्ट्रॉनिक कॉमन फैसिलिटी सेंटर को भारत सरकार से मंजूरी मिल चुकी है, जहां PCB प्रोटोटाइपिंग, 3D प्रिंटिंग और EMC टेस्टिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं सेक्टर-05 में MSME के लिए भूमि आवंटित की गई है। यहां वर्तमान में 1,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है और भविष्य में 12,000 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।
IT & Data Center: डिजिटल इकोसिस्टम को मिल रहा विस्तार
नवा रायपुर का औद्योगिक विस्तार पारंपरिक विनिर्माण तक सीमित नहीं है। शहर में 2,000 सीटों वाला प्लग एंड प्ले आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया है, जहां विभिन्न आईटी कंपनियां काम कर रही हैं। वहीं सेक्टर-22 में CBD रेलवे स्टेशन के पास करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से AI आधारित डेटा सेंटर पार्क विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा एक अन्य कंपनी भी नवा रायपुर में डेटा सेंटर स्थापित करने की तैयारी में है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इंजीनियरिंग आधारित SEZ को भी मंजूरी मिल चुकी है, जहां 5G और 6G तकनीक के लिए GaN आधारित सेमीकंडक्टर चिप्स के उत्पादन की योजना है।
Investment to Employment: बदल रहा नवा रायपुर का आर्थिक परिदृश्य
टेक्सटाइल पार्क में लगभग 10,000 रोजगार, फार्मा पार्क में करीब 1,400 रोजगार और MSME क्षेत्र में भविष्य में 12,000 से अधिक रोजगार की संभावनाएं नवा रायपुर की रोजगार आधारित अर्थव्यवस्था की तस्वीर पेश करती हैं। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में बढ़ता निवेश शहर के औद्योगिक दायरे को और व्यापक बना रहा है। परिवहन और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के विस्तार से भी औद्योगिक गतिविधियों को मजबूती मिलने की संभावना है।
नवा रायपुर की बदलती तस्वीर बताती है कि शहर अब केवल प्रशासनिक राजधानी तक सीमित नहीं रह गया है। टेक्सटाइल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, MSME, आईटी, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में विकसित हो रहे औद्योगिक क्लस्टर निवेश और रोजगार के नए अवसर तैयार कर रहे हैं। आने वाले समय में यह औद्योगिक विस्तार नवा रायपुर अटल नगर को छत्तीसगढ़ के प्रमुख निवेश और रोजगार केंद्रों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।



