Bastar Road News: सड़कों और पुल-पुलियों के काम दिसंबर तक पूरे करने के निर्देश, लापरवाह ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई
10 सितंबर तक कार्यों में प्रगति दिखाने का अल्टीमेटम, काम नहीं करने वाले ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट और अनुबंध निरस्त

Bastar Road News: रायपुर, 18 अगस्त 2026। बस्तर संभाग में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए निर्माणाधीन सड़कों और पुल-पुलियों के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में विभागीय अधिकारियों, अभियंताओं और ठेकेदारों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने भारत सरकार के आरआरपी (Road Requirement Plan) और आरसीपीएलडब्ल्यूईए (Road Connectivity Project in Left Wing Extremism Areas) के तहत चल रहे सड़क और पुल-पुलियों के कार्यों को दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
Monitoring: हर 15 दिन में होगी निर्माण कार्यों की समीक्षा
बैठक में अधिकारियों को सभी निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने और सप्ताह में दो से तीन दिन मौके पर जाकर निर्माण सामग्री तथा कार्यों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए गए। बस्तर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों में काम कर रहे ठेकेदारों को 10 सितंबर तक कार्यों में स्पष्ट प्रगति दिखाने को कहा गया है। अपेक्षित प्रगति नहीं लाने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और उनके अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्माण कार्यों के लिए जरूरी प्लांट और मशीनरी निर्धारित स्थानों पर लगाने को कहा गया है।
Road Repair: बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत को मिलेगी प्राथमिकता
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए। गड्ढों को तत्काल भरने के साथ परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की भी समय पर मरम्मत कराने को कहा गया। 30 सितंबर तक पेच रिपेयर के लिए एजेंसियों के निर्धारण की निविदा प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बाढ़ और अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों व पुल-पुलियों की स्थायी मरम्मत को वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है। पहुंचविहीन गांवों को जोड़ने वाली प्रस्तावित सड़कों और पुलों के प्राक्कलन, भू-अर्जन तथा वन-व्यपवर्तन से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई।



