छत्तीसगढ़

Youth Power: युवाओं की ऊर्जा और रचनात्मकता से बनेगा विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

माय भारत की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर दिया जोर

Youth Power: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ यानी माय भारत की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता विकसित भारत के निर्माण की बड़ी शक्ति है। युवाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप अवसर देकर सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने माय भारत की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को इस मंच से जोड़ने और विभिन्न विभागों की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, खेल, पर्यावरण, पर्यटन, कृषि, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, आपदा प्रबंधन और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में युवाओं को सेवा और नेतृत्व के अवसर दिए जाने चाहिए।

देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा जुड़े

बैठक में बताया गया कि ‘मेरा युवा भारत’ युवाओं को सरकार, समाज और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने वाला डिजिटल एवं भौतिक मंच है। 31 अक्टूबर 2023 को शुरू किए गए इस मंच से देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा पंजीकृत हैं। छत्तीसगढ़ में भी 6.60 लाख से अधिक युवा इससे जुड़ चुके हैं।

माय भारत को युवाओं और सरकार के बीच सिंगल विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, अनुभव आधारित शिक्षण, कौशल विकास, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

अनुभव आधारित कार्यक्रमों में युवाओं की भागीदारी

बैठक में जानकारी दी गई कि देशभर में 24 हजार 900 से अधिक ईएलपी के माध्यम से 1.21 लाख युवाओं को शासन की विभिन्न गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला है। छत्तीसगढ़ में 233 ईएलपी के माध्यम से 2 हजार 389 से अधिक युवा जुड़े हैं।

इसी तरह देशभर में 1.53 लाख से अधिक स्वयंसेवा अवसरों के जरिए 10 लाख से अधिक युवाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा गया है। छत्तीसगढ़ में 5 हजार 778 वालंटियर अवसरों के माध्यम से 23 हजार 900 से अधिक युवाओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया है।

गांव से राज्य स्तर तक बनेगा युवा नेटवर्क

मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त युवा-सशक्त छत्तीसगढ़’ की भावना के अनुरूप ग्राम से राज्य स्तर तक मजबूत युवा नेटवर्क विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा पहचानने, उन्हें नेतृत्व के मंच उपलब्ध कराने और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने डिजिटल डिटॉक्स, सेवा भाव, सामाजिक जुड़ाव और सामुदायिक उत्तरदायित्व से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने युवाओं को गैर-राजनीतिक सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता भी बताई।

बस्तर के युवाओं को मिलेंगे नए अवसर

मुख्यमंत्री ने बस्तर के युवाओं को माय भारत की गतिविधियों से व्यापक स्तर पर जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं की प्रतिभा और सामर्थ्य को उचित अवसर देकर उन्हें छत्तीसगढ़ और देश के विकास का सक्रिय भागीदार बनाना प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों ने युवाओं को खेल, कला और संस्कृति के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया है। इसी तरह माय भारत के माध्यम से बस्तर के युवाओं को नेतृत्व और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

यंग लीडर्स डायलॉग पर भी जोर

बैठक में ‘विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग’ आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। इसके माध्यम से खेल, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, समाज कल्याण, नगरीय प्रशासन, आपदा प्रबंधन, पर्यटन और कृषि जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा माय भारत के राज्य एवं जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button