Health Department Review: स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की विभागीय समीक्षा, अस्पतालों में दवाओं और सुविधाओं पर दिए निर्देश

Health Department Review: रायपुर, 18 अगस्त 2026। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की मौजूदा स्थिति, अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों से जिलेवार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक आवश्यक दवाइयां एवं चिकित्सा सुविधाएं समय पर पहुंचें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए और मरीजों को इलाज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में अस्पतालों की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव और उनकी कार्यशीलता की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मरीजों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने को भी कहा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर कमियों का समय पर निराकरण करने पर भी जोर दिया गया।



