छत्तीसगढ़

Raipur News: स्वास्थ्य मंत्री ने किया ‘दृश्य संवाद 2026’ का शुभारंभ, तस्वीरों में दिखी छत्तीसगढ़ की संस्कृति

रायपुर, 19 अगस्त 2026। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब में तीन दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। प्रदर्शनी में प्रेस फोटो जर्नलिस्टों के साथ प्रोफेशनल और शौकिया फोटोग्राफरों की तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। तस्वीरों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्रकृति, संस्कृति, परंपरा और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

चार कैटेगरी में प्रदर्शित हुईं तस्वीरें

प्रदर्शनी को प्रकृति एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं परंपरा, समाचार एवं जनसरोकार और ओपन कैटेगरी में आयोजित किया गया है। प्रकृति एवं पर्यावरण से जुड़ी तस्वीरों में छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य को दिखाया गया है, जबकि संस्कृति एवं परंपरा की तस्वीरों में लोककला और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। समाचार एवं जनसरोकार कैटेगरी में महत्वपूर्ण घटनाओं और सामाजिक विषयों को फोटो जर्नलिस्टों के नजरिए से प्रस्तुत किया गया है। ओपन कैटेगरी में 35 से अधिक प्रोफेशनल और शौकिया फोटोग्राफरों की तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं।

Photography को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने कही महत्वपूर्ण बात

प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फोटो जर्नलिस्टों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर खींचने का काम नहीं, बल्कि किसी महत्वपूर्ण पल को इतिहास के लिए सुरक्षित करने की कला और जिम्मेदारी है। फोटो जर्नलिस्ट को कई बार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहद कम समय में सही क्षण, एंगल और दृश्य का चुनाव करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि एक तस्वीर कई बार वह बात कुछ ही क्षणों में लोगों तक पहुंचा देती है, जिसे शब्दों में समझाने के लिए काफी समय लग सकता है। उन्होंने विश्व फोटोग्राफी दिवस पर प्रदर्शनी आयोजित करने के लिए रायपुर प्रेस क्लब की पहल की सराहना की और फोटो जर्नलिस्टों एवं फोटोग्राफरों को शुभकामनाएं दीं।

तस्वीर पत्रकारिता की अधूरी खबर को पूरा करती है

रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि ‘दृश्य संवाद’ केवल फोटो प्रदर्शनी नहीं, बल्कि तस्वीरों के माध्यम से समाज और समय से संवाद करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि फोटो जर्नलिस्ट पत्रकारिता का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और खबर को जीवंतता तथा प्रभाव देने में तस्वीर की बड़ी भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि एक सशक्त तस्वीर कई बार बिना लंबे कैप्शन के भी पूरी कहानी कहने में सक्षम होती है। कैमरे में कैद किया गया कोई महत्वपूर्ण क्षण भविष्य में उस घटना का दस्तावेज बन जाता है। तीन दिवसीय प्रदर्शनी में दर्शकों को छत्तीसगढ़ की प्रकृति, संस्कृति, समाज और घटनाक्रम को तस्वीरों के माध्यम से अलग नजरिए से देखने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button