Raipur Water Crisis: अशोका रतन के रहवासियों ने जल संकट दूर करने महापौर से किया अनुरोध
रायपुर के शंकर नगर स्थित अशोका रतन परिसर के रहवासियों ने जल संकट दूर करने महापौर मीनल चौबे से अनुरोध किया।

Raipur Water Crisis: रायपुर, 19 अगस्त 2026। शंकर नगर स्थित अशोका रतन रेसिडेंशियल को-ऑपरेटिव सोसायटी के रहवासियों ने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर महापौर मीनल चौबे से मुलाकात की और परिसर में जल संकट की समस्या शीघ्र दूर करने का अनुरोध किया। रहवासियों ने बताया कि अशोका रतन परिसर में 20 हजार से अधिक लोग निवास करते हैं और नगर निगम की पाइपलाइन से पानी की सप्लाई अपेक्षाकृत कम मात्रा में हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Water Meter: खपत के अनुसार बिल की व्यवस्था का सुझाव
महापौर मीनल चौबे ने रहवासियों की समस्या को गंभीरता से सुना और सुझाव दिया कि सोसायटी के रहवासी अपने खर्च से नल कनेक्शनों पर वाटर मीटर लगवाएं। इससे पानी की वास्तविक खपत के आधार पर मीटर रीडिंग से बिल निर्धारित किया जा सकेगा। साथ ही पानी की बचत को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।
Rain Water Harvesting: वर्षा जल संचयन पर जोर
महापौर ने रहवासियों से अपने परिसर में रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम जल्द लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्षा जल का संचयन करने से भूजल स्तर को बेहतर बनाने और परिसर की जल समस्या के समाधान में मदद मिल सकती है। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा डूंडा में नया वाटर फिल्टर प्लांट बनाने का कार्य शासन के निर्देशानुसार जल्द शुरू किया जाएगा। प्लांट शुरू होने के बाद पर्याप्त जल आपूर्ति की व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।
Illegal Water Connections पर कार्रवाई के निर्देश
महापौर ने जोन कमिश्नर को जोन-9 क्षेत्र के वार्डों में नल कनेक्शनों का निरीक्षण और जांच करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान अवैध नल कनेक्शन पाए जाने पर उन्हें तत्काल विच्छेद करने तथा नियमानुसार करारोपण एवं नियमितीकरण की कार्रवाई करने को कहा गया।
इस दौरान जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष साहू, अपर आयुक्त पंकज के. शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन-9 कमिश्नर राकेश शर्मा, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव और उपअभियंता जल आशुतोष पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



