
Itarsi Tragedy: रायपुर/इटारसी। राखी के त्योहार से पहले एक दर्दनाक घटना ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। रायपुर निवासी परिवार की तीन मासूम सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार फिलहाल मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के बेटमा में रह रहा था। एक के बाद एक तीन बेटियों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, बेटमा में खाना खाने के बाद 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोनों को इलाज के लिए इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन दोनों बच्चियों के शव लेकर एंबुलेंस से अपने गृह क्षेत्र रायपुर के लिए रवाना हुए।
बताया गया कि सफर के दौरान इटारसी के पास तीसरी बेटी 10 वर्षीय आशी की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने करीब एक घंटे तक इलाज का प्रयास किया, लेकिन आशी को बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलने पर इटारसी पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। तीनों बच्चियों की मौत की वास्तविक वजह जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



