Raksha Bandhan Special: दिव्यांग बच्चों ने राज्यपाल रमेन डेका को बांधी राखी, लोक भवन में दिखा स्नेह और अपनत्व
रायपुर के लोक भवन में रक्षाबंधन पर दिव्यांग बच्चों ने राज्यपाल रमेन डेका को अपने हाथों से बनाई राखियां बांधीं। राज्यपाल ने बच्चों को उपहार देकर उत्साह बढ़ाया।

Raksha Bandhan Special: रायपुर, 27 अगस्त 2026/ रक्षाबंधन के अवसर पर कोपल वाणी के श्रवण बाधित दिव्यांग बच्चों और मिनी मार्वेल्स स्कूल के नन्हे बच्चों ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका को अपने हाथों से बनाई राखियां बांधीं। बच्चों ने रक्षा सूत्र बांधकर राज्यपाल के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। इसके बाद बच्चों ने उन्हें मिठाई खिलाई और अपनी बनाई राखियों की विशेषता भी बताई।
बच्चों के हाथों से बनी राखियां राज्यपाल की कलाई पर सजीं तो लोक भवन का माहौल आत्मीयता और स्नेह से भर गया। राज्यपाल ने बच्चों के प्रेम को सहर्ष स्वीकार करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया और उपहार भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया। खासकर दिव्यांग बच्चों के लिए यह अवसर सम्मान, आत्मविश्वास और गौरव का अनुभव रहा।
अपने हाथों से राखियां तैयार कर राज्यपाल को बांधना बच्चों की रचनात्मकता, कौशल और आत्मनिर्भरता का सुंदर उदाहरण बना। इस दौरान यह संदेश भी सामने आया कि दिव्यांग बच्चे समाज की मुख्यधारा का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए समान अवसर और प्रोत्साहन जरूरी है।
राज्यपाल रमेन डेका ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, स्नेह और पारस्परिक विश्वास का पर्व है। बच्चों का यह स्नेह मन को छू लेने वाला है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समाज से दिव्यांग बच्चों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया।



