अंतर्राष्ट्रीय

Nepal Disaster: बाढ़-भूस्खलन के बीच छत्तीसगढ़ के 9 नागरिकों की जानकारी मिली, 2 अब भी लापता

नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के बीच छत्तीसगढ़ के 9 नागरिकों की स्थिति सामने आई है। रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित लौट रहे हैं, जबकि बिलासपुर और सुरगुजा के 2 नागरिक लापता हैं।

Nepal Disaster रायपुर। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने नेपाल गए प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रशासन लगातार वहां मौजूद नागरिकों की जानकारी जुटा रहा है। अब तक 9 नागरिकों की स्थिति सामने आई है, जिनमें 2 के परिजनों से संपर्क हो चुका है। रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित हैं और वापस लौट रहे हैं, जबकि बिलासपुर और सुरगुजा से जुड़े 2 नागरिकों के लापता होने की सूचना है।

मोनिका यादव और मंजू राय चौधरी के संबंध में मिली जानकारी

रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। नेपाल में बाढ़ के बाद उनसे संपर्क टूटने और उनके लापता होने की सूचना सामने आई थी। प्रशासन के अनुसार अब उनके परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है और उनकी स्थिति के संबंध में संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं बिलासपुर निवासी 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके संबंध में भी परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है। प्रशासन उपलब्ध जानकारी का सत्यापन करते हुए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहा है।

प्रियंका चौधरी और डॉ. मीना गुप्ता की तलाश जारी

बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। उनके परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी सुरक्षित तलाश के प्रयास जारी हैं।

सुरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता, जो यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं, भी नेपाल में लापता बताई गई हैं। उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है। उनकी स्थिति का पता लगाने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार समन्वय किया जा रहा है।

रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित, लौटने के लिए रवाना

रायपुर के माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों से लगातार संपर्क

नेपाल में आपदा की स्थिति को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से नागरिकों की जानकारी लगातार जुटा रही है। नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाए रखा गया है।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि नेपाल गए छत्तीसगढ़ के किसी नागरिक के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button