Raipur Police Action: 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ जांच, 15 टीमों ने 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों के साथ की कार्रवाई
रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट ने 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ जांच अभियान चलाया। 15 टीमों में 100 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल रहे। दो सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने पर कार्रवाई की गई।

Raipur Police Action 29 अगस्त 2026। शहर में संचालित स्पा सेंटरों में नियमों के पालन और संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। पुलिस की 15 टीमों ने एक साथ 30 अलग-अलग स्पा सेंटरों की जांच की। इस कार्रवाई में राजपत्रित अधिकारियों सहित 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में तीनों जोन में जांच की गई। सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में गठित टीमों ने स्पा सेंटरों में उपलब्ध दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की पड़ताल की।
रजिस्टर से लेकर CCTV तक हुई जांच
पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों के ग्राहकों के रजिस्टर, CCTV कैमरों की उपलब्धता और रिकॉर्डिंग क्षमता, संचालक एवं कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन तथा कर्मचारियों की आयु संबंधी दस्तावेजों की जांच की। इसके अलावा स्टाफ रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेख भी देखे गए।
जांच के दौरान स्पा सेंटरों में किसी प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधि, परिसर की व्यवस्था, लीज और किराए से संबंधित दस्तावेज, स्वामित्व संबंधी कागजात तथा आवश्यक अनुमतियों की भी पड़ताल की गई।
दो स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं
जांच के दौरान दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद संबंधित मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
इनमें डीडी नगर थाना क्षेत्र का एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र स्थित अंबुजा मॉल का ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं। दोनों स्थानों के मैनेजर एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटरों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



