Ambikapur News: सैनिक स्कूल अंबिकापुर ने मनाया 18वां स्थापना दिवस, कैडेटों की प्रतिभा और अनुशासन ने मोहा मन
सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 18वां स्थापना दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कैडेटों को अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया।

Ambikapur News, 1 सितंबर 2026। सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 18वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की 18 वर्षों की उपलब्धियों, कैडेटों की प्रतिभा और विभिन्न गतिविधियों को प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत गार्ड ऑफ ऑनर और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विद्यालय के प्राचार्य कर्नल राजेश बैंदा ने सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। कैडेटों ने स्वागत गीत, छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, मूक अभिनय, देशभक्ति समूहगान और भगवान श्रीराम के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि ने विद्यालय की वार्षिक पत्रिका का विमोचन किया और कैडेटों द्वारा तैयार किए गए ‘संस्कृत ऐप’ का भी अवलोकन किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट और हाउस हुए सम्मानित
सत्र 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कैडेटों और हाउस को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और खेलकूद में कटारी हाउस एवं अरिहंत हाउस को ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन सिंह हाउस और तेजस हाउस को सर्वश्रेष्ठ अकादमिक हाउस का सम्मान मिला। विद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को भी कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।
अनुशासन और राष्ट्रसेवा को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सैनिक स्कूल अंबिकापुर की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कैडेटों को अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल विद्यार्थियों में अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कैडेटों से इन मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।



