छत्तीसगढ़

Bastar Relief News: बारिश और कीचड़ की मुश्किलें पार कर नक्सल पीड़ित परिवारों तक पहुंचे डॉ. प्रेमा साईं, परिवारों को दी आर्थिक मदद

बीजापुर के यमपुर और नेलाकांकेर में डॉ. प्रेमा साईं नक्सल पीड़ित परिवारों से मिले। चार परिवारों को आर्थिक सहायता दी और संध्या की शादी का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की।

Bastar Relief News । बस्तर के दुर्गम और अंदरूनी इलाकों में बारिश, कीचड़ और खराब रास्तों के बीच मां मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमा साईं महाराज नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे। यमपुर (पामेड़) से नेलाकांकेर तक की यात्रा के दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों का हाल जाना, उनकी समस्याएं सुनीं और जरूरत के अनुसार आर्थिक सहायता व आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। यात्रा के दौरान काफिले का एक वाहन कीचड़ में फंस गया, जबकि दूसरी गाड़ी खराब हो गई, लेकिन इसके बावजूद परिवारों तक पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

यमपुर में डॉ. प्रेमा साईं ने वर्ष 2025 में नक्सल हिंसा में जान गंवाने वाले सुन्नम सम्मैया और वेक्को संदीप के परिवारों से मुलाकात की। दोनों परिवारों को 21-21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। महिलाओं को साड़ी और बच्चों को कपड़े, कॉपी, पेन, कंपास बॉक्स व चप्पल वितरित की गईं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकर भोजन भी किया और परिवारों की परेशानियों को करीब से समझा।

इसके बाद नेलाकांकेर पहुंचकर उन्होंने वर्ष 2026 में नक्सल हिंसा में मारे गए तिरुपति सोढ़ी के परिवार से मुलाकात की। उनकी पत्नी शांति और पांच बच्चों की स्थिति जानने के बाद परिवार को 31 हजार रुपये की सहायता दी गई। इसी दौरान डॉ. प्रेमा साईं ने तिरुपति सोढ़ी की बेटी संध्या की शादी का पूरा खर्च स्वयं उठाने और कन्यादान करने की घोषणा की। वहीं 23 वर्षीय रवि कट्टम के परिवार से भी मुलाकात कर 31 हजार रुपये की सहायता दी गई।

सहायता वितरण के दौरान बच्चों को कपड़े, स्कूल बैग, कॉपी, पेन, कंपास बॉक्स और चप्पलें दी गईं। कई बच्चों को डॉ. प्रेमा साईं ने स्वयं चप्पल पहनाई। उन्होंने कहा कि नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों की पीड़ा केवल उनकी व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उनके अनुसार आर्थिक सहायता के साथ इन परिवारों को अपनत्व, सम्मान और यह भरोसा दिलाना भी जरूरी है कि मुश्किल समय में वे अकेले नहीं हैं।

Related Articles

Back to top button