छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Textile News: तकनीकी वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने बनेगी व्यापक कार्ययोजना, शिक्षा और कौशल विकास पर रहेगा फोकस

छत्तीसगढ़ में तकनीकी वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने व्यापक कार्ययोजना तैयार होगी। शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, नवाचार और बाजार विस्तार पर विशेष फोकस रहेगा।

Chhattisgarh Textile News रायपुर, 1 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल और तकनीकी वस्त्र उद्योग की संभावनाओं को मजबूत करने के लिए राज्य स्तर पर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। मुख्य सचिव विकासशील ने राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत ग्रामोद्योग विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रदेश में तकनीकी वस्त्र क्षेत्र के विकास की दिशा में ठोस योजना बनाने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारियों ने राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत शिक्षा, प्रशिक्षण, कौशल विकास, बाजार विस्तार, अनुसंधान, नवाचार और विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रस्तुतिकरण दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि तकनीकी वस्त्र उद्योग के लिए प्रदेश में कुशल मानव संसाधन तैयार करना जरूरी है। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों और तकनीकी शिक्षण संस्थाओं का सहयोग लेकर प्रशिक्षण एवं कौशल विकास की व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

बैठक में तकनीकी वस्त्रों के विभिन्न क्षेत्रों की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इनमें एग्रो टेक्सटाईल, मेडिकल टेक्सटाईल, कंस्ट्रक्शन टेक्सटाईल, स्मार्ट टेक्सटाईल और स्पोर्ट्स व होम टेक्सटाईल जैसे क्षेत्र शामिल रहे। अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से इन क्षेत्रों में नए अवसर विकसित करने तथा बाजार की जरूरतों के अनुरूप उत्पाद तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में ग्रामोद्योग विभाग के सचिव राजेश सिंह राणा सहित उद्योग एवं वाणिज्य, तकनीकी शिक्षा, एनआईटी, कौशल विकास, उच्च शिक्षा और विश्वविद्यालयों से जुड़े तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहे। अधिकारियों और विशेषज्ञों के बीच हुई चर्चा के आधार पर प्रदेश में तकनीकी वस्त्र क्षेत्र को शिक्षा, प्रशिक्षण, उत्पादन, अनुसंधान और बाजार से जोड़ने की दिशा में आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

Related Articles

Back to top button