छत्तीसगढ़नारायणपुर

Narayanpur Education News: मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह- वन मंत्री केदार कश्यप ने सेवानिवृत्त शिक्षकों और शिक्षा दूतों को किया सम्मानित

नारायणपुर में शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह आयोजित हुआ। केदार कश्यप ने सेवानिवृत्त शिक्षकों और शिक्षा दूतों को सम्मानित किया।

Narayanpur Education News, 5 सितंबर 2026: शिक्षक दिवस के अवसर पर नारायणपुर के ए.जी. ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर भी समारोह में मौजूद रहे।

अनुशासन और संस्कारों को बताया सफलता की कुंजी

समारोह को संबोधित करते हुए केदार कश्यप ने कहा कि अनुशासन, संस्कार, धैर्य और संकल्प के साथ शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने परिवार को बच्चे की पहली पाठशाला बताते हुए माता-पिता और गुरुजनों के सम्मान को भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

मंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मोबाइल फोन के सीमित और सकारात्मक उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने बच्चों से कहा कि मोबाइल का इस्तेमाल पढ़ाई और ज्ञानवर्धक गतिविधियों के लिए किया जाए तथा इसके दुरुपयोग से बचा जाए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उनके साथ सेल्फी भी ली।

बस्तर के लोक जीवन में वनस्पतियां’ पुस्तक का विमोचन

कार्यक्रम में लेखक शिव कुमार पाण्डेय की अबूझमाड़ की संस्कृति पर आधारित पुस्तक ‘बस्तर के लोक जीवन में वनस्पतियां’ का विमोचन भी किया गया। पुस्तक के माध्यम से क्षेत्र के लोक जीवन और वनस्पतियों से जुड़े पहलुओं को सामने लाने का प्रयास किया गया है।

15 सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान

शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले 15 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इनमें सुमेर सिंह मंडावी, उषा किरण बैस और धनसिंह बघेल सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।

इसके अलावा विकासखंड स्तर पर 6 शिक्षकों को शिक्षा दूत पुरस्कार और जिला स्तर पर 3 शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मानित शिक्षकों के योगदान को शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रस्थ बघेल, जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, डीएफओ डॉ. वेंकटेशा एमजी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button