छत्तीसगढ़

Golf News: नवा रायपुर में दिखी गोल्फ की नई उड़ान, 132 प्रोफेशनल खिलाड़ियों के साथ छत्तीसगढ़ बना बड़ा खेल केंद्र

नवा रायपुर में डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026 का आयोजन, 132 प्रोफेशनल गोल्फर ले रहे हिस्सा। CM साय ने ट्रॉफी का अनावरण किया और गोल्फ को बढ़ावा देने का भरोसा दिया।

Golf News रायपुर। छत्तीसगढ़ अब केवल क्रिकेट और पारंपरिक खेलों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रोफेशनल गोल्फ के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ का आयोजन शुरू हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और गोल्फ कोर्स पर खुद शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फर, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं, हिस्सा ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर ओपन आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन सकता है। उन्होंने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन प्रदेश की खेल संस्कृति को मजबूती देने के साथ पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने गोल्फ को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

गोल्फ के साथ खेल अधोसंरचना पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के जरिए प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स के साथ अब गोल्फ को भी व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि एक समय गोल्फ को सीमित वर्ग से जुड़ा खेल माना जाता था, लेकिन अब इसकी पहुंच लगातार बढ़ रही है। नवा रायपुर में बड़े प्रोफेशनल टूर्नामेंट का आयोजन इस बदलाव का उदाहरण है। सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ भविष्य में देश के प्रमुख गोल्फ केंद्रों में शामिल हो।

बस्तर और सरगुजा आने का खिलाड़ियों को न्योता

मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से गोल्फ के साथ छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक और सांस्कृतिक खूबसूरती देखने की भी अपील की। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा के पर्यटन स्थलों का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों को प्रदेश के इन क्षेत्रों का भ्रमण करने का न्योता दिया।

उन्होंने कहा कि बस्तर का चित्रकोट जलप्रपात, वन क्षेत्र और जनजातीय संस्कृति तथा सरगुजा की पहाड़ियां, प्राकृतिक स्थल और लोक संस्कृति देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं। खेल आयोजनों के साथ पर्यटन को जोड़ने से छत्तीसगढ़ की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो सकती है।

कपिल देव ने हर साल टूर्नामेंट कराने की जताई इच्छा

1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे टूर्नामेंट खेल संस्कृति को मजबूत करने और नई प्रतिभाओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कपिल देव ने इच्छा जताई कि छत्तीसगढ़ में यह प्रतिष्ठित गोल्फ प्रतियोगिता हर वर्ष आयोजित हो और इसकी तारीखें पहले से निर्धारित की जाएं, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और आने वाले समय में यह दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता की तरह प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन बन सकता है।

नवा रायपुर की खेल पहचान को मिलेगा नया आयाम

‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ को बढ़ावा देने के साथ नवा रायपुर को बड़े खेल आयोजनों के लिए विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। देश-विदेश के खिलाड़ियों की मौजूदगी से स्थानीय खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतियोगिता देखने और उससे प्रेरणा लेने का अवसर मिल रहा है।

लगातार विकसित हो रही खेल अधोसंरचना और बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के बीच नवा रायपुर ओपन से छत्तीसगढ़ की स्पोर्ट्स और गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान मजबूत होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button