छत्तीसगढ़

Surguja Road Development News: 6 जिलों में 44 सड़क परियोजनाओं को 1,093.73 करोड़ की मंजूरी, कनेक्टिविटी होगी मजबूत

सरगुजा संभाग के 6 जिलों में 44 मुख्य सड़क परियोजनाओं के लिए 1,093.73 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। फोरलेन, सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

Surguja Road Development News रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। संभाग के सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और जशपुर जिलों में कुल 44 मुख्य सड़क कार्यों के लिए 1,093.73 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों में नई सड़कें, चौड़ीकरण, डामरीकरण, सुदृढ़ीकरण, फोरलेन और आवश्यक स्थानों पर पुल-पुलिया का निर्माण शामिल है।

अंबिकापुर में दो बड़े फोरलेन प्रोजेक्ट

सरगुजा जिले में अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र के लरंगसाय चौक से रामानुजगंज मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण के लिए 69.10 करोड़ रुपये तथा गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किलोमीटर फोरलेन निर्माण के लिए 61.34 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा लुण्ड्रा और सीतापुर क्षेत्र में विभिन्न सड़कों और पुल-पुलियों के सुदृढ़ीकरण के काम भी होंगे। सोनतराई-मैनपाट मार्ग के लिए 26.33 करोड़ रुपये का प्रावधान है।

सूरजपुर में 63 किलोमीटर मार्ग का होगा उन्नयन

सूरजपुर जिले में तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर के 63 किलोमीटर मार्ग के लिए 64.93 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके साथ कल्याणपुर-लटोरी मार्ग के लिए 40.93 करोड़, विशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग के लिए 32.24 करोड़ और सूरजपुर के 17 किलोमीटर रिंग रोड के सुदृढ़ीकरण के लिए 16.39 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

बलरामपुर में सीमावर्ती क्षेत्रों तक बेहतर होगी पहुंच

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में परसवार-चलगली के 18 किलोमीटर मार्ग के उन्नयन के लिए 38.80 करोड़ रुपये, वाड्रफनगर-जनकपुर-बलंगी मार्ग के लिए 35.32 करोड़ और कामेश्वरनगर-लुरगी मार्ग के लिए 25.69 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।

जशपुर में राज्य मार्ग का होगा सुदृढ़ीकरण

जशपुर जिले में लुड़ेग-बागबहार-तपकरा-लवाकेरा के 55.80 किलोमीटर राज्य मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 40.32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा पत्थलगांव के पहाड़ी हिस्सों के उन्नयन के लिए 36.85 करोड़ और बतौली-बगीचा-चरईडांड मार्ग के लिए 34.44 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

सड़कें बनेंगी कृषि, व्यापार और सेवाओं की नई कड़ी

इन परियोजनाओं का असर केवल आवागमन तक सीमित नहीं रहने वाला है। बेहतर सड़क नेटवर्क से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे ग्रामीण व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।

दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए स्कूल, कॉलेज और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंच भी आसान होगी। बेहतर कनेक्टिविटी के जरिए सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच गांवों तक और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

1,093.73 करोड़ रुपये की 44 परियोजनाएं सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों में सड़क नेटवर्क के विस्तार और मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इनसे क्षेत्र में आवागमन, व्यापार, कृषि और सामाजिक सेवाओं को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button