Folk Artists Association: लोक कलाकारों को मिलेगा मंच और सुविधाओं का सहयोग, विजय शर्मा ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
रायपुर में लोक कलाकार कल्याण संघ के शपथ ग्रहण समारोह में विजय शर्मा शामिल हुए। कलाकारों को स्टूडियो निर्माण में सहयोग का आश्वासन दिया।

Folk Artists Association रायपुर, 25 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश लोक कलाकार कल्याण संघ के शपथ ग्रहण समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान लोक कलाकारों की सुविधाओं को बढ़ाने और उनकी कला को आगे ले जाने के लिए स्टूडियो निर्माण में सहयोग का आश्वासन दिया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोक कला, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी है। लोक कलाकार अपनी प्रतिभा के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोक कला के संरक्षण और नई पीढ़ी तक इसे पहुंचाने के लिए कलाकारों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने कलाकारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्टूडियो निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल और सहयोग का आश्वासन दिया। स्टूडियो उपलब्ध होने से कलाकारों को कला के अभ्यास, प्रशिक्षण, रिकॉर्डिंग और प्रस्तुतियों की तैयारी के लिए सुविधाएं मिल सकेंगी।
समारोह के दौरान संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और छत्तीसगढ़ की लोक कला एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, मनीराम साहू, संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, बड़ी संख्या में लोक कलाकार और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



