
Chhattisgarh Hockey League रायपुर, 28 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) के पहले सीजन के लिए दो दिवसीय चयन ट्रायल रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में शुरू हो गया है। पहले दिन पंजीकृत 373 खिलाड़ियों में से 223 खिलाड़ियों ने मैदान पर उतरकर ट्रायल में हिस्सा लिया।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने ट्रायल स्थल पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की मजबूत परंपरा है और खिलाड़ियों में दिख रहा उत्साह इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि लीग के जरिए प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने का प्रयास किया जा रहा है।
6 टीमों के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शामिल होने वाली छह टीमों के खिलाड़ियों के चयन के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से ट्रायल आयोजित किया गया है। चयन प्रक्रिया छत्तीसगढ़ हॉकी संघ द्वारा निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार संचालित की जा रही है।
ट्रायल की निगरानी खेल अधिकारियों, हॉकी विशेषज्ञों, संघ के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ खिलाड़ियों के पैनल द्वारा की जा रही है। पैनल में दीनू प्रसाद पटेल, रश्मि संध्या एक्का, राकेश टोप्पो, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे, अनुराग श्रीवास्तव और वरिष्ठ खिलाड़ी अमिताभ मानिकपुरी शामिल हैं।
29 सितंबर को भी जारी रहेगा ट्रायल
चयन ट्रायल 29 सितंबर को सुबह 9 बजे से जारी रहेगा। ट्रायल पूरा होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की सूची और प्रक्रिया से संबंधित रिपोर्ट खेल संचालनालय को सौंपी जाएगी। इसके आधार पर लीग की छह टीमों का गठन किया जाएगा।
21 अक्टूबर से शुरू होगा पहला सीजन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। लीग में छह फ्रेंचाइजी आधारित टीमें हिस्सा लेंगी—राजधानी रॉयल्स, चित्रकोट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स।
प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ियों का दल होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के 18 और राज्य के बाहर के चार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल होंगे।
लीग का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी के लिए बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच तैयार करना, उभरते खिलाड़ियों को अवसर देना और छत्तीसगढ़ के हॉकी इकोसिस्टम को मजबूत करना है। “चलो रे संगी, हॉकी खेलबो” टैगलाइन के साथ आयोजित होने वाली यह लीग प्रदेश में हॉकी को नई पहचान देने की दिशा में आयोजित की जा रही है।



