छत्तीसगढ़

Bilaspur Seva Sankalp Abhiyan: सेवा ज्योति कलश यात्रा से स्वच्छता अभियान तक, अरुण साव ने तैयारियों की समीक्षा की

बिलासपुर में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा और 1 अक्टूबर को शासकीय कार्यालयों में स्वच्छता अभियान होगा।

Bilaspur Seva Sankalp Abhiyan, 28 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की। जिला मुख्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए।

7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा

अरुण साव ने 7 अक्टूबर को मस्तूरी, बिल्हा, कोटा और तखतपुर विकासखंडों में सेवा ज्योति कलश यात्रा आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा के रूट चार्ट, सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।

यात्रा का समापन बिलासपुर के बहतराई स्टेडियम में होगा। यहां सभा का आयोजन किया जाएगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के नाम संबोधन को सुनने की व्यवस्था की जाएगी।

रंगोली और आंगन मिलन सेवा में होगी सहभागिता

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘‘सेवा का रंग, राष्ट्र के संग’’ थीम पर नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों में आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोली बनाई जाएगी। इसमें महिला स्वसहायता समूहों, स्कूली छात्राओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘‘आंगन मिलन सेवा’’ कार्यक्रम को उत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसमें गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और किशोरी बालिकाओं की भागीदारी के साथ स्वास्थ्य जांच, पोषण परामर्श और शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

1 अक्टूबर को सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता अभियान

‘‘सेवा मेरा योगदान’’ के तहत 1 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। कार्यालयों के अंदर और बाहर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही अरपा नदी के प्रमुख घाटों पर भी विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा।

बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सेवा संकल्प अभियान के आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी दी। विधायक धरमलाल कौशिक और सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button