Chhattisgarh Rajyotsav 2026: 1 से 3 नवंबर तक होगा राज्योत्सव, मुख्य सचिव ने तैयारियों की समय-सीमा तय की
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक में 1 से 3 नवंबर तक आयोजन और 22 अक्टूबर तक विभागवार तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

Chhattisgarh Rajyotsav 2026 रायपुर, 29 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राज्योत्सव और राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और विभागीय प्रदर्शनियों की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने 22 अक्टूबर तक विभागवार तैयारियों और प्रदर्शनी से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। इस बार राज्योत्सव को केंद्रीय थीम आधारित स्वरूप देने पर जोर दिया गया है, जिसमें ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषयों के साथ प्रदेश के भविष्य और विकास पर फोकस रहेगा।
40 राज्य स्तरीय अलंकरण और पुरस्कार
राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। अधिकारियों को पुरस्कारों के चयन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्योत्सव के आयोजन के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड), ग्राम तूता, नवा रायपुर अटल नगर में प्रस्तावित है।
विभागों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां
मेला स्थल के ले-आउट, स्टॉल आवंटन, विकास प्रदर्शनी, मुख्य मंच, डोम, पंडाल, बैठक और बैरिकेडिंग की जिम्मेदारी सीएसआईडीसी, एनआरडीए और लोक निर्माण विभाग को दी गई है। जनसंपर्क विभाग एवं चिप्स प्रचार-प्रसार और हाईटेक मीडिया सेंटर की व्यवस्था करेंगे।
नगर निगम रायपुर और एनआरडीए नागरिक सुविधाओं, सिटी बस, पेयजल एवं स्वच्छता की व्यवस्था संभालेंगे। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को सुरक्षा, यातायात, पार्किंग तथा अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं स्वास्थ्य एवं ऊर्जा विभाग चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था करेंगे।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, रायपुर संभाग के अधिकारी तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को राज्योत्सव से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने और आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए।



