छत्तीसगढ़

GPM News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, रेत-पत्थर से भरे 6 ट्रैक्टर जब्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में खनिज विभाग ने अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेत और पत्थर से भरे 6 ट्रैक्टर जब्त किए। वाहन मालिकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

GPM News रायपुर, 2 अक्टूबर 2026। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए रेत और पत्थर से भरे 6 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की।

खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बस्ती-बगरा क्षेत्र में रेत से भरे 4 ट्रैक्टर जब्त किए गए। इन वाहनों को सुरक्षा के लिहाज से कोडगार चौकी में रखा गया है। वहीं, सारबहरा क्षेत्र में पत्थर से भरे एक ट्रैक्टर और अंडी क्षेत्र में रेत से भरे एक अन्य ट्रैक्टर को जब्त कर अमरपुर पुलिस लाइन में सुरक्षित रखा गया है।

वाहन मालिकों पर नियमानुसार होगी कार्रवाई

विभाग द्वारा सभी संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रकरणों में निर्धारित अर्थदंड या समझौता राशि खनिज मद में जमा होने के बाद नियमानुसार वाहनों को मुक्त किया जाएगा।

अवैध खनिज गतिविधियों पर निगरानी के निर्देश

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने खनिज विभाग को जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय अमले को नियमित रूप से क्षेत्र में जांच करने तथा अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

इसके साथ ही कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनकी गुणवत्तापूर्ण जांच और समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश भी दिए हैं।

Related Articles

Back to top button