Gadchiroli Maoist Dump: कोपर्शी जंगल में जमीन के नीचे छिपा हथियार-विस्फोटक डंप बरामद, 6 हथियार समेत सामग्री जब्त
महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा के कोपर्शी जंगल में गडचिरोली पुलिस ने जमीन के नीचे छिपाया गया माओवादी हथियार-विस्फोटक डंप बरामद किया। छह हथियार समेत कारतूस, डेटोनेटर और केबल जब्त की गई।

Gadchiroli Maoist Dump रायपुर। महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे कोपर्शी जंगल में पुलिस ने जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए माओवादियों के हथियार और विस्फोटक सामग्री के डंप का पता लगाया है। गडचिरोली पुलिस की सर्चिंग के दौरान यह बरामदगी हुई। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामग्री का इस्तेमाल सुरक्षा बलों के खिलाफ हमले और विस्फोट जैसी वारदातों में किए जाने की आशंका थी।
सर्चिंग के दौरान पुलिस ने एक .303 रायफल, दो सिंगल शॉट रायफल, दो देशी पिस्टल और एक BGL लॉन्चर समेत कुल छह अग्निशस्त्र बरामद किए। इसके अलावा 10 BGL सेल, 21 जिंदा कारतूस, 7 डेटोनेटर और 150 मीटर केबल वायर भी जब्त की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा क्षेत्र के कोपर्शी जंगल में माओवादियों ने सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला करने और विस्फोट करने के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में हथियार एवं विस्फोटक सामग्री जमीन के नीचे छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर 6 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में विशेष अभियान शुरू किया गया।
अभियान के तहत प्राणहिता की विशेष अभियान टीम की पांच टुकड़ियों और BDDS की दो टीमों को जंगल में सर्चिंग के लिए भेजा गया। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए डंप को खोज निकाला और हथियार एवं विस्फोटक सामग्री को बरामद कर लिया।
पुलिस अब बरामद सामग्री के संबंध में आगे की जांच कर रही है। सुरक्षा बलों द्वारा सीमा से लगे जंगल क्षेत्रों में सर्चिंग और अभियान जारी रखा जा रहा है।



