Ambikapur Cleanliness Inspection: स्कूटी से शहर का जायजा लेने निकले डिप्टी CM अरुण साव, सफाई और निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश
डिप्टी CM अरुण साव ने स्कूटी से अंबिकापुर शहर का औचक निरीक्षण किया। केरसु तालाब, एसएलआरएम सेंटर और पीएम आवास का जायजा लेकर सफाई व निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश दिए।

Ambikapur Cleanliness Inspection, 8 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को खुद स्कूटी चलाकर अंबिकापुर शहर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और निर्माण कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर का निरीक्षण करने के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के हितग्राहियों से भी मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था बेहतर करने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सड़क निर्माण और मरम्मत के काम जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।
केरसु तालाब की सफाई व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश
शहर भ्रमण के दौरान अरुण साव ने विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं की स्थिति देखी। केरसु तालाब में सफाई व्यवस्था में सुधार की जरूरत पाए जाने पर उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ इसकी प्रभावी निगरानी करने को कहा।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित रूप से इसकी मॉनिटरिंग की जाए। नागरिकों को बेहतर और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पीएम आवास के हितग्राहियों से की मुलाकात
अरुण साव ने सुभाष नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के तहत बनाए गए 493 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवासों में रहने वाले हितग्राहियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं, समस्याओं और आवास मिलने के बाद उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।
हितग्राहियों ने पक्का मकान मिलने पर खुशी जताई और शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों को आवास आवंटित किए गए हैं, उनका इन आवासों में निवास सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही आवासीय परिसर में साफ-सफाई, जरूरी सुविधाओं और शेष निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
एसएलआरएम सेंटर में कचरा प्रबंधन व्यवस्था का लिया जायजा
उप मुख्यमंत्री ने डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर पहुंचकर कचरा संग्रहण, पृथक्करण और प्रसंस्करण की व्यवस्था देखी। उन्होंने अंबिकापुर के कचरा प्रबंधन मॉडल की सराहना करते हुए स्वच्छता दीदियों के कार्यों को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि शहर में करीब 480 स्वच्छता दीदियां घर-घर से कचरा एकत्र करने और उसके उचित प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके प्रयासों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिली है।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ किया शहर का भ्रमण
स्कूटी से अंबिकापुर शहर के निरीक्षण के दौरान महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत की सीईओ रोमा श्रीवास्तव और नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा करने और मौके पर सामने आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।



