Police Commemoration Day: छत्तीसगढ़ में शांति और सुरक्षा के लिए वीर जवानों का बलिदान अविस्मरणीय, वन मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर में दी श्रद्धांजलि
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर अमर शहीद वाटिका में वन मंत्री ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात की। कहा- जवानों का समर्पण और शौर्य आने वाली पीढ़ियों के लिए है प्रेरणा।

Police Commemoration Day: छत्तीसगढ़ में शांति और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस और सुरक्षा बलों के वीर जवानों का योगदान हमेशा से अतुलनीय रहा है। ‘पुलिस स्मृति दिवस’ के अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर स्थित अमर शहीद वाटिका पहुंचकर कर्तव्य पथ पर प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके प्रति गहरी संवेदना व सम्मान व्यक्त किया।
शहीदों के परिवारों का धैर्य और साहस प्रेरणादायी
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि विषम परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए वीर जवानों द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने किसी अपने को खोना सबसे बड़ा दर्द होता है, लेकिन शहीद के परिजनों का धैर्य और साहस पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। शहीदों की स्मृतियों को संजोए रखना और उनके परिवारों की देखभाल करना सरकार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस गरिमामयी श्रद्धांजलि सभा में बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर के महापौर संजय पांडे सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



