छत्तीसगढ़

Child Development Department: महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से तीन जिलों में बनेंगे 6 परियोजना-सह-संसाधन केंद्र, 2.70 करोड़ रुपये मंजूर

सूरजपुर, रायगढ़ और बीजापुर जिलों में भवनों के निर्माण से विभागीय सेवाओं और योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन को मिलेगी मजबूती। प्रथम किस्त के रूप में 67.72 लाख रुपये जारी।

Child Development Department: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को मजबूत आधारभूत सुविधाओं के साथ जमीनी स्तर तक पहुँचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से प्रदेश में छह परियोजना-सह-संसाधन केंद्रों के नए भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 70 लाख 90 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही, वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत प्रथम किस्त के रूप में 67 लाख 72 हजार 500 रुपये जारी करने की सहमति भी दे दी गई है।

इन जिलों और विकासखंडों में बनेंगे नए भवन

स्वीकृत किए गए ये नए भवन तीन प्रमुख जिलों के दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में बनाए जाएंगे, जिससे विभागीय गतिविधियों का संचालन और अधिक प्रभावी हो सकेगा:

सूरजपुर जिला: भैयाथान और ओड़गी।

रायगढ़ जिला: तमनार।

बीजापुर जिला: बीजापुर, उसूर और भोपालपटनम।

प्रत्येक भवन के निर्माण के लिए 45 लाख 15 हजार रुपये की राशि तय की गई है।

योजनाओं के क्रियान्वयन को मिलेगी नई गति

महिला एवं बाल विकास विभाग महिलाओं और बच्चों के विकास, स्वास्थ्य, पोषण तथा उनके अधिकारों के संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन करता है। परियोजना-सह-संसाधन केंद्र इन सभी योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और निगरानी में अहम भूमिका निभाते हैं। इन आधुनिक और व्यवस्थित भवनों के बन जाने से मैदानी अमले को काम करने में आसानी होगी और आम नागरिकों तथा हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं अधिक सुगमता से पहुंच सकेंगी। शासन के नियमों के तहत प्रथम किस्त के उपयोग का प्रमाण-पत्र और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद अगली राशि जारी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button