Union Ministers Chhattisgarh Visit : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल लाई रंग, विकास योजनाओं को गति देने छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे छह केंद्रीय मंत्री
30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री। अमित शाह, शिवराज सिंह चौहान और जेपी नड्डा सहित छह बड़े चेहरे रहेंगे मौजूद।

Union Ministers Chhattisgarh Visit रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल आखिरकार रंग लाई है और राज्य में विकास योजनाओं को तेजी से गति देने के लिए केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। इसी कड़ी में 30 अक्टूबर से 3 नवंबर की अवधि में छह केंद्रीय मंत्री छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इन मंत्रियों में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण आवास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय स्वास्थ्य, रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया तथा केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी शामिल हैं।
राज्य में डबल इंजन की सरकार होने का सकारात्मक असर छत्तीसगढ़ के तीव्र विकास में साफ नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लगातार दिल्ली जाकर केंद्रीय मंत्रियों से संपर्क साधा है, जिसके परिणामस्वरूप केंद्र सरकार ने नवाचारी योजनाओं के लिए छत्तीसगढ़ को विशेष प्राथमिकता दी है।
राज्योत्सव समापन पर आएंगे गृह मंत्री अमित शाह
आगामी 3 नवंबर को राज्योत्सव के समापन कार्यक्रम के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजधानी रायपुर में मौजूद रहेंगे। उनके मार्गदर्शन और केंद्रीय सहायता से राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी गई और बस्तर के पुनर्निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। सरकार ने नक्सल प्रभावित परिवारों और आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए 15 हजार विशेष आवास भी स्वीकृत किए हैं।
पीएम आवास और खाद संकट पर केंद्र का पूरा सहयोग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना के तहत राज्य में अब तक 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत हो चुके हैं। मुख्यमंत्री साय की केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से हुई बैठकों के बाद छत्तीसगढ़ को लगातार अतिरिक्त आवासों की सौगात मिली है। इसी तरह, वैश्विक संकटों के दौरान किसानों को खाद की कमी न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से पहल कर यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराई है।
विभिन्न मंत्रियों के दौरे और कार्यक्रम
डॉ. वीरेंद्र कुमार: केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री 30 और 31 अक्टूबर को रायपुर एवं बिलासपुर के दौरे पर रहेंगे, जहां वे वंचित वर्गों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
डॉ. मनसुख मांडविया: केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा खेल मंत्री राज्योत्सव कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर के मुख्य अतिथि होंगे। उनके सहयोग से राज्य में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स और ईएसआईसी अस्पतालों का सुदृढ़ीकरण संभव हुआ है।
जी किशन रेड्डी: केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री 3 नवंबर को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे।



