छत्तीसगढ़

मर्दापाल अंचल में विकास की बहार: मंत्री केदार कश्यप ने ₹4.06 करोड़ के कार्यों का किया भूमिपूजन

23 ग्राम पंचायतों को सड़क, पुलिया और स्कूल भवन की सौगात; अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों से गांवों तक पहुंचेगा सुशासन

जगदलपुर। बस्तर संभाग के ग्रामीण अंचल में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और विकास की गति को तेज करने की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने शनिवार को मर्दापाल मंडल के विभिन्न दौरों पर रहकर कुल ₹4 करोड़ 6 लाख 67 हजार की लागत से स्वीकृत दर्जनों विकास कार्यों का विधि-विधान से भूमिपूजन किया। इन निर्माण कार्यों के अमलीजामा पहनने से क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क, शिक्षा का स्तर, सामुदायिक सुविधाएं और डिजिटल सेवाओं का व्यापक विस्तार होगा।

वन मंत्री केदार कश्यप ने मैराथन भूमिपूजन कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम चांगेर से की, जहां उन्होंने ₹77.96 लाख की लागत से बनने वाले पुलिया निर्माण, नवीन प्राथमिक शाला भवन, सीसी सड़क, रंगमंच और सामुदायिक भवन जैसे विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इसके बाद वे ग्राम मूलनार पहुंचे, जहां ₹90.79 लाख की लागत वाले पुलिया, बाउंड्रीवॉल और सीसी सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। इसी तरह ग्राम पंचायत रानापाल, कोंगेरा, मुंगवाल और चेरंग में ₹28 लाख की लागत के पुलिया और सामुदायिक भवनों की नींव रखी गई।

विकास की इस कढ़ी को आगे बढ़ाते हुए मंत्री ने ग्राम पंचायत हथकली, मटवाल, पेरमापाल, नरिहा और आदनार में ₹99.99 लाख के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। ग्राम बड़ेकुरुषनार में ₹88.14 लाख की लागत से पुलिया, रंगमंच, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, स्कूल और पंचायत भवन तथा ग्राम बेचा में ₹21.79 लाख की लागत से रंगमंच एवं माध्यमिक शाला भवन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण कर ग्रामीणों को समर्पित किया।

विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार हर गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने मजबूत सड़क नेटवर्क और बेहतर स्कूल भवनों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया। मंत्री ने विशेष रूप से ‘अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों’ का जिक्र करते हुए कहा कि इनके माध्यम से अब ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और इंटरनेट सेवाओं का लाभ उठाने के लिए शहर नहीं भागना पड़ेगा, बल्कि सारी सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध होंगी।

Related Articles

Back to top button