छत्तीसगढ़

CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोकड़ा की ऐतिहासिक रथयात्रा में निभाई ‘गजपति’ की परंपरा, सोने की झाड़ू से बुहारी राह

जशपुर के दोकड़ा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब; सीएम ने निभाई 'छेरा पहरा' की रस्म, बिलासपुर-धरमजयगढ़-लोहरदगा रेल लाइन और मेडिकल कॉलेज पर दी बड़ी सौगात

जशपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के ग्राम दोकड़ा में आयोजित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव-2026 में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुरी के गजपति महाराजा की तरह पारंपरिक भूमिका का निर्वहन किया। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र और लाडली बहन सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

सोने की झाड़ू से बुहारी राह, खींचा महाप्रभु का रथ

रथयात्रा के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री श्री साय ने ‘छेरा पहरा’ की पावन सनातन परंपरा का निर्वहन किया। उन्होंने सोने की झाड़ू से महाप्रभु के रथ के आगे के मार्ग का प्रतीकात्मक रूप से मार्जन (सफाई) किया और चारों ओर चंदन मिश्रित पवित्र जल का छिड़काव किया। यह रस्म समाज को सेवा, समर्पण और विनम्रता का संदेश देती है। इसके बाद उन्होंने हजारों श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भगवान श्री जगन्नाथ के रथ की रस्सी (मोटे रस्सों) को खींचकर ऐतिहासिक रथयात्रा का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा दोकड़ा क्षेत्र “जय जगन्नाथ” के जयघोष, शंखध्वनि और ढोल-मृदंग की थाप से गूंज उठा।

दोकड़ा रथयात्रा का गौरवशाली इतिहास:

वर्ष 1942 से चली आ रही यह ऐतिहासिक रथयात्रा क्षेत्र की आस्था का जीवंत प्रतीक है। जनसहयोग से प्राचीन मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया था और वर्ष 2025 में हुई भव्य प्राण-प्रतिष्ठा के बाद यह दूसरी सबसे विशाल रथयात्रा है। मुख्यमंत्री ने इस सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने के लिए दोकड़ावासियों के प्रति आभार जताया और कहा कि छत्तीसगढ़ के देवभोग का चावल आज भी पुरी के महाप्रसाद में उपयोग होता है, जो हमारे अटूट रिश्ते का प्रमाण है।

जशपुर को सौगात: रेल नेटवर्क और मेडिकल कॉलेज को हरी झंडी

इस आध्यात्मिक मंच से मुख्यमंत्री ने जशपुर और पूरे प्रदेश के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाओं और उपलब्धियों का जिक्र किया:

धरमजयगढ़-लोहरदगा रेल लाइन: जशपुर जिले को बहुत जल्द देश के मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए धरमजयगढ़-लोहरदगा रेल परियोजना को आधिकारिक स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे जिले में कनेक्टिविटी की नई क्रांति आएगी।

जशपुर मेडिकल कॉलेज: जिले के युवाओं और मरीजों के लिए मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति दी जा चुकी है, जिससे स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा।

सरचार्ज माफी योजना: बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने बिजली बिलों पर सरचार्ज माफी योजना की अवधि को 3 महीने के लिए और आगे बढ़ा दिया है।

अटल डिजिटल सेवा केंद्र: ग्रामीणों को अब दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे, गांवों में ही इन केंद्रों के माध्यम से 520 से अधिक शासकीय और बैंकिंग सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इस भव्य आयोजन में ओडिशा से आई प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियों ने समां बांध दिया। इस अवसर पर पद्मश्री जागेश्वर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा और आईजी दीपक कुमार झा सहित मंदिर समिति के सदस्य और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button