पति-पत्नी निकले ‘बंटी और बबली’: फर्जी कागजों से एक ही जमीन को कई बार बेचा, पुलिस ने दर्ज की FIR
ग्राम अंजोरा में धोखाधड़ी का बड़ा मामला: फर्जी ऋण पुस्तिका बनाकर लोगों से एंठी लाखों की रकम, पुलगांव पुलिस ने शुरू की जांच

Bol Bharat 24 News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से जालसाजी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति-पत्नी ने मिलकर ‘बंटी और बबली’ की तर्ज पर कई लोगों को चूना लगा दिया। पुलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अंजोरा में फर्जी दस्तावेज और कूटरचित ऋण पुस्तिका तैयार कर एक ही जमीन को अलग-अलग लोगों को बेचने और इकरारनामा (एग्रीमेंट) के जरिए मोटी रकम वसूलने का खेल चल रहा था। पीड़ित की शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी अजय चंद्राकर की शिकायत पर आरोपी नोकेश देशमुख और उसकी पत्नी नेहा देशमुख के खिलाफ फर्जीवाड़ा और धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों ने बेहद शातिराना अंदाज में फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे, ताकि लोग आसानी से उनके झांसे में आ जाएं। जमीन का एग्रीमेंट करवाकर वे खरीदारों से एडवांस और पूरी रकम ऐंठ लेते थे और फिर उसी जमीन का सौदा किसी तीसरे व्यक्ति से कर देते थे।
पीड़ित को जब अपने साथ हुई इस बड़ी ठगी का अहसास हुआ, तो उसने तुरंत पुलगांव पुलिस थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रार्थी के आवेदन और पेश किए गए दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी दंपती के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस जालसाज दंपती ने अब तक और कितने लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।



