शराबी बेटे का घरेलू विवाद पड़ा भारी: पिता ने डंडे से पीट-पीटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
तखतपुर के ग्राम कुसमूली की घटना: आए दिन के कलेश से तंग आकर पिता ने उठाया खौफनाक कदम, पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

Bol Bharat 24 News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले अंतर्गत तखतपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत कुसमूली में मामूली घरेलू विवाद ने इतना उग्र रूप ले लिया कि एक पिता ने तैश में आकर अपने ही बेटे की डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और सन्नाटा पसर गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक विजेंद्र श्रीवास को शराब पीने की लत थी और वह अक्सर शराब के नशे में धुत होकर घर में गाली-गलौज व विवाद किया करता था। घटना वाले दिन भी मृतक शराब पीकर घर पहुंचा और परिजनों से विवाद करने लगा। रोज-रोज के झगड़े और विवाद से तंग आकर आरोपी पिता का सब्र का बांध टूट गया और उसने घर में रखे डंडे से बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और हत्या में इस्तेमाल किए गए डंडे को जब्त कर लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



